दुमका के काठीकुण्ड में पत्थर से हमला कर बुजुर्ग की हत्या, ग्रामीणों ने हत्यारे को पकड़ कर खंभे से बांधा
- SANTHAL PARGANA KHABAR
- 11 minutes ago
- 2 min read

दुमका। काठीकुंड प्रखंड के छोटाफुलझींझरी गांव में पत्थर से हमला कर एक 70 वर्षीय बुजुर्ग सुजान राय की हत्या कर दी गई। घटना के बाद ग्रामीणों ने आरोपी दिनेश भंडारी को पकड़कर खंभे से बांध दिया और पुलिस को सूचना दी।

ससुराल आया था आरोपी, वार कर किया घायल
जानकारी के अनुसार तिलैयाचौक बाजार निवासी दिनेश भंडारी अपने ससुराल फुलझींझरी गांव आया हुआ था। इसी दौरान उसने सुजान राय के सिर पर पत्थर से हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।

इलाज के दौरान रास्ते में हुई मौत
घायल सुजान राय को इलाज के लिए रामपुरहाट अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर काठीकुंड और पाकुड़िया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।

कुएं में महिला की मौत मामले में हत्या का केस दर्ज
दुमका। सरैयाहाट थाना क्षेत्र के सरैया बस्ती में कुएं से मिले महिला के शव मामले में अब नया मोड़ आ गया है। मृतका के मायके पक्ष ने इसे हत्या बताते हुए चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।

पति समेत चार पर हत्या का आरोप
मृतका के भाई अरविंद कुमार ने पति अशोक पोद्दार, ननद मीना देवी, नंदोई शंभू पोद्दार एवं श्रवण पोद्दार पर हत्या कर शव को कुएं में फेंकने का आरोप लगाया है। आवेदन में बताया गया है कि संतान नहीं होने को लेकर महिला को प्रताड़ित किया जाता था।

दोनों पहलुओं पर जांच में जुटी पुलिस
घटना के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। थाना प्रभारी राजेंद्र यादव ने बताया कि मामले में हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और पुलिस हत्या व आत्महत्या दोनों पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।





Comments