top of page

दहेज लोभ में नवविवाहिता की हत्या, कुएं से शव बरामद

पैरों में साड़ी बंधी हुई थी और शव को पत्थर से बांधकर कुएं में डुबाया गया था

दुमका। मसलिया थाना क्षेत्र के न्याडीह पंचायत अंतर्गत दिकू बेदिया गांव में शुक्रवार को पुलिस ने एक 21 वर्षीय महिला का सड़ा-गला शव एक पुराने कुएं से बरामद किया। मृतका की पहचान दिकू बेदिया निवासी अजीत कुमार यादव की पत्नी चांदनी कुमारी के रूप में हुई है। चार दिन पूर्व अजीत यादव ने थाना में पत्नी के गुमशुदगी का सनहा दर्ज कराया था और खोजबीन की गुहार लगाई थी, लेकिन जब शव बरामद हुआ तो मामले ने सनसनी फैला दी। स्वजनों से मिली जानकारी के मुताबिक, मृतका के पैरों में साड़ी बंधी हुई थी और शव को पत्थर से बांधकर कुएं में डुबाया गया था। शव की पहचान होते ही मृतका के पिता उमाकांत राउत व मां दिकू बेदिया पहुंचे तो उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया। स्वजनों ने सीधे तौर पर दामाद अजीत कुमार यादव, सास केशो देवी, देवर गौतम यादव, ननद अनीता देवी तथा ननद के पति सदानंद यादव (दोनों ग्राम बोकला तालझारी निवासी) पर हत्या कर शव को कुएं में फेंकने का आरोप लगाया है।

2021 में धूमधाम से की गई थी शादी

मृतका के पिता ने पुलिस को दिए आवेदन में दहेज उत्पीड़न की पूरी कहानी उजागर की है। उनके अनुसार शादी वर्ष 2021 में धूमधाम से की गई थी। विवाह के बाद से ही दामाद व उसके परिजन 50 हजार रुपये नकद, दुधारू गाय और मोटरसाइकिल की लगातार मांग करते थे। मांग पूरी न होने पर चांदनी को शारीरिक व मानसिक प्रताड़ना दी जाती थी। यहां तक कि उसे खाना-पीना भी बंद कर दिया जाता था। मजबूरी में पिता ने कर्ज लेकर एक दुधारू गाय दामाद को दी, लेकिन हालात में कोई सुधार नहीं हुआ। पिता ने बताया कि छह माह पूर्व बेटी को अंतिम बार ससुराल विदा किया गया था। वहीं कुछ दिन पहले चांदनी ने फोन पर रोते हुए घर में मारपीट व प्रताड़ना की शिकायत की थी। इसके बाद पिता बेटी को घर ले जाने पहुंचे, लेकिन ससुराल वालों ने बेटी चांदनी को ले जाने से मना कर दिया।

26 अगस्त से लापता था महिला

26 अगस्त को मृतका के देवर गौतम यादव ने मृतका के पिता को बेटी गुम होने की जानकारी दी जिसके बाद मृतिका का पिता ने उमाकांत राउत ने बेटी की गुमसुदगी की लिखित आवेदन मसलिया थाना में देकर बेटी की खोजबीन करने का गुहार लगाया था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में प्राथमिकी दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।

हत्या की आशंका में पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लिया

दुमका। गोपीकांदर थाना क्षेत्र के पिपरा में शुक्रवार को एक 60 वर्षीय अधेड़ की मौत हो गई। मौत के बाद पुलिस ने हत्या के आशंका को देखते हुए एक युवक को हिरासत में लिया है। बताया जाता है कि पिपरा गांव के नीचे टोला में 60 वर्षीय दिनेश हांसदा सुबह करीब 8 बजे उसी गांव के महेश हांसदा के साथ शराब पी रहा था। कुछ देर के बाद सड़क किनारे मृत पाया। सूचना मिलते हीएएसआई राजन सिंह पूरे दल बल के साथ पिपरा गांव पहुंचे। उन्होंने मृत के शव को कब्जे में लिया है। हालांकि बाद में मृत के परिजनों ने शव देने से इनकार कर दिया। जबकि साथ में बैठकर शराब पी रहे युवक महेश हांसदा को हिरासत में लिया है। परिजनों का कहना था कि मृतक दिनेश हांसदा पिछले कई दिनों से जॉन्डिस बीमारी से पीड़ित था और तीन दिनों से सिर्फ शराब पी रहा था, ऐसे में उसकी मृत्यु शारीरिक कमजोरी, भोजन नहीं करना और लगातार शराब पीने की वजह से हुई है। पुलिस ने मृतक के परिजनों से लिखित घोषणा पत्र लेकर शव को परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने थाना प्रभारी के अन्य कार्य में व्यस्त होने के कारण हिरासत में लिए गए महेश हांसदा को सुरक्षित थाने में रखा गया है। शनिवार को संबंधित मृतक के परिजनों के उपस्थिति में थाने पर ही मामले का निपटारा किया जाएगा।

 
 
 

Comments


Post: Blog2 Post

Address

Shiv Sundari Road, Dumka, Jharkhand 814101

Contact

+917717793803

Follow

  • Facebook
  • YouTube
  • Twitter

©2021 by Santhal Pargana Khabar. All Rights Reserved

bottom of page