बसबेरवा पुल के नीचे मिला युवक का सड़ा-गला शव, हत्या की आशंका
- SANTHAL PARGANA KHABAR
- Mar 13
- 2 min read

शव मिलने से इलाके में फैली सनसनी
हंसडीहा–रामगढ़ मुख्य मार्ग पर हंसडीहा थाना क्षेत्र के बसबेरवा पुल के नीचे गुरुवार को एक युवक का सड़ा-गला शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर हंसडीहा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मृतक की पहचान आलूबरा गांव के बलराम यादव के रूप में
बाद में शव की पहचान आलूबरा गांव निवासी बलराम यादव, पिता सुदर्शन यादव के रूप में हुई। बताया गया कि बलराम यादव हंसडीहा स्थित डेयरी इंजीनियरिंग कॉलेज में मजदूरी का काम करता था और मंगलवार से लापता था।

मंगलवार से घर नहीं लौटने पर परिजन कर रहे थे तलाश
परिजनों के अनुसार मंगलवार को वह काम पर गया था लेकिन शाम तक घर वापस नहीं लौटा। इसके बाद परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। गुरुवार को पुल के नीचे शव मिलने की सूचना मिलने के बाद परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और उसकी पहचान की।

मजदूरी विवाद में हत्या की आशंका
परिजनों ने आशंका जताई है कि मजदूरी को लेकर गांव के कुछ युवकों के साथ उसका विवाद हुआ था। बताया गया कि उसी दिन से गांव के मनोज यादव, लखन यादव सहित एक अन्य युवक भी गायब हैं। ऐसे में परिजनों का कहना है कि आपसी विवाद में उसकी हत्या कर शव को पुल के नीचे छिपा दिया गया होगा।

पुलिस कर रही मामले की जांच
थाना प्रभारी अजीत यादव ने बताया कि परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।





Comments