top of page

टोटो के पार्ट्स चोरी करते 2 युवक रंगेहाथ पकड़े गए, पोल से बांधकर की पिटाई

10 hours ago
2 min read

112 पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों युवकों को भीड़ से छुड़ाया, नगर थाना में पूछताछ

दुमका। नगर थाना क्षेत्र के हरनाकुंडी स्थित पुराना दुमका काली मंदिर के पास सोमवार देर रात टोटो के पार्ट्स चोरी करने के आरोप में 2 युवकों को परिजनों ने रंगेहाथ पकड़ लिया। गृहस्वामी सुदामा मंडल के अनुसार, उनका छोटा बेटा बाजार से घर लौटा तो उसने घर के बाहर खड़े टोटो के पार्ट्स 2 युवकों को खोलते देखा। शोर मचाने पर सुदामा मंडल भी जाग गए और पिता-पुत्र ने दोनों युवकों को पकड़ लिया। बाद में बड़े बेटे भोला मंडल को भी बुलाया गया।

पोल से बांधकर की पिटाई। 

दोनों युवकों के पकड़े जाने के बाद आक्रोशित लोगों ने उन्हें बिजली के पोल से रस्सी के सहारे बांध दिया और पिटाई की। बताया गया कि टोटो सुदामा मंडल के बेटे अशोक मंडल का है। पकड़े गए युवकों की तलाशी के दौरान एक युवक के पास से कोरेक्स कफ सिरप की शीशी मिलने की बात कही गई है। मौके से टोटो के कुछ पार्ट्स भी बरामद किए गए। घटना के बाद मौके पर काफी भीड़ जुट गई।

112 पुलिस टीम ने छुड़ाया। 

सूचना मिलते ही 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को भीड़ से छुड़ाकर नगर थाना ले गई। स्थानीय लोगों के अनुसार, पकड़े गए युवकों में से एक हरनाकुंडी की शर्मा टोली का रहने वाला बताया जा रहा है। हालांकि, पुलिस दोनों युवकों की पहचान का सत्यापन कर रही है। पुलिस ने दोनों से पूछताछ शुरू कर दी है।

पुलिस कर रही मामले में कार्रवाई। 

नगर थाना प्रभारी अशोक राम ने बताया कि मामले में कार्रवाई की जा रही है। पुलिस चोरी के आरोप, बरामद पार्ट्स और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। साथ ही युवकों की पहचान और घटना में उनकी भूमिका का सत्यापन किया जा रहा है।


 
 
 

Comments


Post: Blog2 Post

Address

Shiv Sundari Road, Dumka, Jharkhand 814101

Contact

+917717793803

Follow

  • Facebook
  • YouTube
  • Twitter

©2021 by Santhal Pargana Khabar. All Rights Reserved

bottom of page