शिकारीपाड़ा के जंगल में महिला की नग्न सड़ी-गली लाश मिलने से सनसनी

10 से 15 दिन पुराना होने की आशंका, हत्या कर शव जंगल में फेंके जाने की भी जांच
दुमका। शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र के करमाटांड़ जंगल से मंगलवार को नग्न अवस्था में सड़ी-गली महिला का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव के कुछ दूरी पर एक सलवार-सूट भी पड़ा मिला। मृतका की पहचान समाचार लिखे जाने तक नहीं हो सकी थी। शव की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने महिला की मौत करीब 10 से 15 दिन पहले होने की आशंका जताई है।

शव की स्थिति खराब, पहचान में परेशानी।
जानकारी के अनुसार करमाटांड़ गांव से कुछ दूरी पर जंगल के पास से गुजर रहे लोगों को दुर्गंध महसूस हुई। जंगल में जाकर देखने पर महिला का शव पड़ा मिला। सूचना मिलते ही शिकारीपाड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल पर मौजूद लोगों से शव की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन किसी ने उसकी पहचान नहीं की। पुलिस आसपास के थानों को महिला के शव की तस्वीर भेजकर शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है।

हत्या की आशंका समेत सभी पहलुओं पर जांच।
शिकारीपाड़ा थाना प्रभारी अमित कुमार लकड़ा ने बताया कि महिला का शव पूरी तरह सड़-गल चुका है। घटनास्थल की फोरेंसिक टीम से जांच कराई जाएगी। पुलिस इस आशंका की भी जांच कर रही है कि महिला की हत्या कहीं और करने के बाद शव को जंगल में लाकर फेंका गया हो। हालांकि, मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम और जांच के बाद ही स्पष्ट होगा। पुलिस सभी संभावित बिंदुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

पहचान के बाद मौत का कारण स्पष्ट होने की उम्मीद।
थाना प्रभारी ने बताया कि मौत के कारण का पता लगाने के लिए पहले शव की पहचान जरूरी है और इसके लिए प्रयास किए जा रहे हैं। शव को नियमानुसार 72 घंटे तक सुरक्षित रखा जाएगा, इसके बाद पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में महिला के संबंध में जानकारी जुटाने के साथ उसकी पहचान कराने का प्रयास कर रही है।





Comments