top of page

गणतंत्र दिवस पर दुमका में ऐतिहासिक नियुक्ति, 293 चौकीदारों को सौंपे गए नियुक्ति पत्र

दुमका। गणतंत्र दिवस के शुभ अवसर पर समाहरणालय सभागार में नवनियुक्त चौकीदारों के नियुक्ति पत्र वितरण का भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें विधायक बसंत सोरेन, विधायक लुईस मरांडी और जिला परिषद अध्यक्ष जॉयस बेसरा की उपस्थिति रही। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई, जिसके बाद चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। समारोह में नियुक्ति पाने वाले अभ्यर्थियों के चेहरे पर खुशी और उत्साह साफ नजर आया।

पंचायतों के संरक्षक बनेंगे चौकीदार, विकास में निभाएंगे अहम भूमिका

दुमका। विधायक बसंत सोरेन ने नवनियुक्त चौकीदारों को संबोधित करते हुए कहा कि यह नियुक्ति उनकी मेहनत और योग्यता का परिणाम है और अब वे सरकार के महत्वपूर्ण अंग के रूप में कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि चौकीदार अपने-अपने पंचायतों में अभिभावक की भूमिका निभाएंगे और गांव की समस्याओं को सरकार तक पहुंचाने में सेतु बनेंगे। उन्होंने जिला प्रशासन से आग्रह किया कि सभी चौकीदारों को शीघ्र प्रशिक्षण दिया जाए, ताकि वे अपने दायित्वों को प्रभावी ढंग से निभा सकें।

दुमका के लिए ऐतिहासिक दिन, 293 अभ्यर्थियों को मिली सरकारी पहचान

दुमका। विधायक लुईस मरांडी ने चयनित अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि गणतंत्र दिवस पर 293 चौकीदारों को नियुक्ति पत्र मिलना जिले के लिए ऐतिहासिक क्षण है। उन्होंने कहा कि अब चौकीदारों की भूमिका और अधिक मजबूत हुई है और उन्हें ग्रामीण विकास से जुड़े कार्यों में भी सक्रिय भागीदारी करनी होगी। उन्होंने नवनियुक्त चौकीदारों से ईमानदारी, अनुशासन और समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

पारदर्शी चयन प्रक्रिया से हुआ चयन, महिलाओं की भागीदारी उल्लेखनीय

दुमका। उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने बताया कि चौकीदार नियुक्ति के लिए अप्रैल 2025 में 328 पदों पर आवेदन आमंत्रित किए गए थे, जिसमें लगभग 6000 अभ्यर्थियों ने भाग लिया। अक्टूबर 2025 में लिखित परीक्षा और नवंबर 2025 में शारीरिक दक्षता परीक्षा आयोजित की गई, जिसके बाद दस्तावेज सत्यापन और मेडिकल जांच के आधार पर मेधा सूची तैयार की गई। चयनित 293 अभ्यर्थियों में 187 पुरुष और 106 महिलाएं शामिल हैं, जबकि वर्गवार चयन में सामान्य वर्ग से 80, अनुसूचित जनजाति से 193 और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग से 20 अभ्यर्थी शामिल हैं। दिव्यांग श्रेणी के 13 पद रिक्त रह गए, जिन्हें आगे की प्रक्रिया में भरा जाएगा।

मिशन मोड में पूरी हुई नियुक्ति प्रक्रिया, प्रशासन ने जताया संतोष

दुमका। उपायुक्त ने कहा कि पूरी नियुक्ति प्रक्रिया पारदर्शी, निष्पक्ष और तकनीक आधारित तरीके से मिशन मोड में पूरी की गई, जिससे कम समय में नियुक्ति पत्र वितरण संभव हो सका। जिला परिषद अध्यक्ष जॉयस बेसरा ने भी चयनित अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनसे कर्तव्यनिष्ठा और सेवा भावना के साथ कार्य करने की अपील की। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक, उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी सहित जिले के वरीय अधिकारी, चयनित अभ्यर्थी और बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

 
 
 

Comments


Post: Blog2 Post

Address

Shiv Sundari Road, Dumka, Jharkhand 814101

Contact

+917717793803

Follow

  • Facebook
  • YouTube
  • Twitter

©2021 by Santhal Pargana Khabar. All Rights Reserved

bottom of page