बासुकीनाथ में दो तो दुमका में तीन राउंड के बाद आयेगा अध्यक्ष पद का रिजल्ट
- SANTHAL PARGANA KHABAR
- 2 hours ago
- 4 min read
दुमका। दुमका एवं बासुकिनाथ नगर निकाय चुनाव के लिए मतगणना की सभी तैयारियां पूरी कर ली गयी है। बज्रगृह सह मतगणना स्थल दुमका इंजीनियरिंग कॉलेज में सुरक्षा के लिए अर्ध सैनिक बल के जवानों को तैनात किया गया है। मतगणना परिसर की सीसीटीवी कैमरे की पैनी नजरों से निगरानी रखी जा रही है। दो नगर निकायों के मतों की गिनती के लिए यहां 4 मतगणना हॉल बनाये गये हैं। दुमका नगर परिषद के 42 बुथों के लिए 12 टेबुल एवं बासुकिनाथ नगर पंचायत के अध्यक्ष पद के मतगणना के लिए 10 टेबुल समेत 22 टेबुल लगाए गए हैं। बासुकीनाथ के अध्यक्ष पद का चुनाव परिणाम दूसरे राउंड में ही आ जायेगा जबकि दुमका के अध्यक्ष पद का फाईनल रिजल्ट चौथे राउंड की गणना के बाद सामने आयेगा।
पहले राउंड में 6 वार्ड पार्षद होंंगे निर्वाचित
दुमका के वार्ड सदस्य पद के लिए वार्ड नम्बर 1 से 06 तक के 12 मतदान केन्द्रों के मतगणना सबसे पहले होगी। इसके बाद वार्ड नंबर 7 से 12 के 12 बुथों और वार्ड नंबर 13 से 18 के 10 बुथों और सबसे अंत में 19 और 21 नंबर वार्ड के 7 बुथों की मतगणना होगी। वार्ड नंबर 13 और 20 के वार्ड पार्षद पहले ही निर्विरोध निर्वाचित हो गये हैं, इसलिए इन दोनों वार्डों के चार बुथों के केवल अध्यक्ष पद के मतों की गिनती की जायेगी। बासुकिनाथ नगर पंचायत के वार्ड सदस्य पद के लिए वार्ड संख्या 1 से 12 तक के 19 बूथों की मतगणना के लिए 10टेबल लगाए गए है इसलिए वाबसुकीनाथ के मतों की गिनती का काम दूसरे राउंड में पूरा हो जायेगा। मतगणना शुरू होने का समय सुबह 8 बजे निर्धारित है हलांकि बज्रगृह से मतपेटी निकालने से लेकर टेबुलों तक लाने और मतदान कर्मियों के तैयार होने की औपचारिकता के कारण वास्तविक रूप से मतगणना सुबह 9 बजे शुरू होने और दिन के 12 बजे तक सभी नतीजे आ जाने की संभावना है।
सुबह 6 बजे मतगणना कर्मी देंगे योगदान, 8 बजे से शुरू होगी काउंटिंग
दुमका। दुमका एवं वासुकिनाथ नगर निकाय के लिए 27 फरवरी को दुमका इंजीनियरिंग कॉलेज स्थित मतगणना केन्द्र पर शुक्रवार की सुबह 6 बजे मतगणना कर्मी योगदान देंगे और प्रातः 8 बजे से मतगणना आरम्भ हो जायेगा। पूरे मतगणना प्रक्रिया पर चुनाव पर्यवेक्षकों की कड़ी नजर रहेगी। शान्तिपूर्ण एवं पारदर्षिता के साथ मतगणना पूरा करने हेतु सारी प्रशासनिक तैयारियां मुकम्मल हो चुकी है। दुमका नगर परिषद क्षेत्र में जहां कुल 20738 मतदान हुआ है वहीं वासुकिनाथ में 7127 मतदान दर्ज किया गया है। दुमका एवं वासुकिनाथ नगर निकाय हेतु अलग-अलग पदों हेतु अलग-अलग पदाधिकारियों के नेतृत्व में वज्रगृह दल, मतगणना परिणाम संकलन दल, सीलिंग दल तथा प्रेक्षक दल बनाये गये हैं। सबों को उनके कार्य एवं दायित्व के बारे में जानकारी दे दी गई है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने गुरूवार को दुमका इंजीनियरिंग कॉलेज स्थित मतगणना केंद्र का विस्तृत निरीक्षण कर तैयारियों की बिंदुवार समीक्षा की। उन्होंने प्रवेश द्वार से लेकर काउंटिंग हॉल तक स्पष्ट साइनेज लगाने, पर्याप्त बैरिकेडिंग, प्रवेश एवं निकास मार्गों के पृथक्करण तथा भीड़ नियंत्रण के प्रभावी उपाय सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने कहा कि केंद्र में प्रवेश केवल वैध फोटो पहचान पत्र के सत्यापन के बाद ही दिया जाएगा और किसी भी अनधिकृत व्यक्ति को अनुमति नहीं होगी। प्रत्येक काउंटिंग टेबल पर नियुक्त कर्मियों को निर्धारित दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करने तथा समय से पूर्व उपस्थित होकर प्रोटोकॉल का अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा गया। विधि-व्यवस्था बनाए रखने हेतु पुलिस पदाधिकारियों को पूरी सतर्कता बरतने और किसी भी अफवाह या अव्यवस्था को रोकने के लिए आवश्यक एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए गए। साथ ही मतगणना केंद्र के अंदर मोबाइल फोन, पेन, मोहर या अन्य आपत्तिजनक सामग्री ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। जिला प्रशासन ने मतगणना को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं।
माईक के जरिये दी जायेगी काउंटिंग की सूचना
दुमका। मतगणना की प्रक्रिया के दौरान पहले मतदान अभिकर्ताओं को बैलेट बाक्स का सील दिखलाया जाएगा। इसके बाद बैलेट बॉक्स से मतों को निकाल कर अध्यक्ष पद के गुलाबी रंग के मतपत्र और वार्ड पार्षद पद के लिए सफेद रंग के मतपत्र को अलग-अलग छांट कर उसका बंडल बनाया जायेगा। फिर अध्यक्ष पद के बैलेट पेपर में से छांट कर प्रत्याशियों का अलग-अलग बंडल बनाया जायेगा। इसी तरह से वार्ड पार्षद पद के प्रत्याशियों का भी अलग-अलग बंडल बनाया जायेगा। इसके बाद गिनती की प्रक्रिया शुरू होगी। एक-एक कर विभिन्न प्रत्याशियों को मिले वोटों की संख्या दिखलायी और बतायी जाएगी। लोगों को माईक के जरिये समय-समय पर मतगणना के बारे में अद्यतन जानकारी दी जाएगी। सभी टेबुलों से मतगणना के परिणामों को मिलाने के बाद अंतिम परिणाम घोषित किया जाएगा। प्रत्येक चक्र के समाप्ति और रिजल्ट की घोषणा के बाद संबंधित निर्वाची पदाधिकारी पदाधिकारी द्वारा विजयी प्रत्याशियों को निर्वाचन का प्रमाण पत्र जारी किया जायेगा। प्रत्याशियों के अनुपस्थिति में उनके द्वारा अधिकृत व्यक्ति को जीत का प्रमाण पत्र दे दिया जायेगा। मतगणना कक्ष में निर्वाची पदाधिकारी, सहायक निर्वाची पदाधिकारी, सहायक, कम्प्यूटर आपरेटर, गणना सहायक, मतगणना पर्यवेक्षक आदि के बैठने की बेहतर व्यवस्था की गई है। प्रत्याशी एवं उनके अभिकर्ता द्वारा मतगणना कार्य देखे जाने का भी समुचित प्रबंध किया गया है। मतगणना परिसर में मीडिया को ससमय सूचनायें उपलब्ध कराने हेतु मीडिया सेन्टर भी बनाया गया है।
टाई हुआ तो निकाली जायेगी लॉटरी
दुमका। यदि मतगणना के दौरान दो या तीन प्रत्याशियों को समान मत मिलते हैं तो लॉटरी के आधार पर रिजल्ट की घोषणा की जायेगी। यहां बता दें कि 2008 के नगर निकाय चुनाव में वासुकिनाथ के वार्ड नं. 08 और 10 में टाई हो गया था और वार्ड नं. 08 में संजीव झा व मनोज राव को 224-224 वोट एवं वार्ड नं. 10 में सनात खिरहर व दीवानी राय को 132-132 वोट मिले थे। तब पर्ची की लॉटरी के आधार पर वार्ड नं. 08 से संजीव झा और 10 से दीवानी राय विजयी घोषित किये गये थे। दो या दो से अधिक प्रत्याशियों को समान मत मिलने से ए-4 साईज के पर्ची का चार टुकड़ा कर उसे चार फोल्ड कर आरओ के हस्ताक्षर के बाद पर्ची को पारदर्शी डिब्बे में रख कर हिलाया जायेगा और एक तटस्थ कर्मचारी उसमें से एक पर्ची निकाल कर विजयी प्रत्याशी के नाम की घोषणा करेगा जबकि शेष पर्चियों को लिफाफा में सील कर रख दिया जायेगा। लॉटरी से निर्वाचन की पूरी प्रक्रिया प्रेक्षक के मौजूदगी में की जायेगी और इसकी वीडियोग्राफी व स्टिल फोटोग्राफी करवायी जायेगी।
















Comments