top of page

तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार की मौत

दुमका। हंसडीहा महगामा नेशनल हाईवे 133 पर हंसडीहा थाना क्षेत्र अंतर्गत बारिडीह गांव के समीप बुधवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मृतक की पहचान सोनारायठाड़ी थाना क्षेत्र के जरका गांव निवासी 50 वर्षीय इकबाल अली के रूप में की गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार इकबाल अली गोड्डा क्षेत्र स्थित अपनी बेटी के घर गए हुए थे। बुधवार को वे बाइक से अपने घर जरका लौट रहे थे। बताया जाता है कि जैसे ही वे बारिडीह गांव के समीप पहुंचे, उसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में बाइक और कार दोनों के परखच्चे उड़ गए। घटना के बाद स्थानीय ग्रामीण मौके पर जुट गए और इसकी सूचना हंसडीहा थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल इकबाल अली को तत्काल इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सरैयाहाट पहुंचाया। हालांकि चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। घटना की सूचना मिलते ही मृतक के पुत्र शाहनवाज अली समेत अन्य परिजन हंसडीहा थाना पहुंचे। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। मृतक के पुत्र ने बताया कि उनकी बहन का ससुराल गोड्डा क्षेत्र में है और उनके पिता वहीं से वापस घर लौट रहे थे, इसी दौरान यह हादसा हो गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार और बाइक को जब्त कर थाना ले आई है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।

बाइक से गिरकर युवक घायल

दुमका। गोपीकांदर थाना क्षेत्र के खरौनी दुर्गापुर मार्ग पर विराजपुर के पास एक बाइक सवार अनियंत्रित होकर दुर्घटना का शिकार हो गया। दुर्घटना में युवक का सिर और जबड़े में गहरी चोट आई है। घायल युवक का नाम मार्सल टुडू है। दुर्घटना के बाद घायल को गोपीकांदर सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद बेहतर इलाज के लिए दुमका रेफर कर दिया है। बताया जाता है कि मार्सल काठीकुंड थाना क्षेत्र के बिछियापहाड़ी पंचायत के कुलकांड गांव का रहने वाला है। वह किसी काम को लेकर खरौनी के विराजपुर आया हुआ था। वापस जाने के दौरान विराजपुर पुलिया के पास दुर्घटना का शिकार हो गया।

ट्रेन की चपेट में आने से वृद्ध की मौत

दुमका। दुमका-हँसडीहा रेलखंड पर बुधवार सुबह करीब 9 बजे एक दर्दनाक रेल दुर्घटना में एक वृद्ध व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा रामगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत नोनीहाट रेलवे स्टेशन से लगभग तीन किलोमीटर दूर दुमका की ओर, भंडारो गांव के समीप इलेक्ट्रिक पोल संख्या 94-4/95-5 के बीच हुआ। प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुमकादृभागलपुर लोकल पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आने से उक्त व्यक्ति की जान चली गई। मृतक की पहचान कुबढ़ा मुर्मू (55) के रूप में की गई है, जो रेड़ा गांव का निवासी बताया जा रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रेन की चपेट में आने के कारण घटनास्थल पर ही उनकी मृत्यु हो गई। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई। इसके बाद दूरभाष के माध्यम से रामगढ़ थाना को सूचना दी गई। सूचना पाकर रामगढ़ थाना पुलिस एवं रेलवे सुरक्षा बल (त्च्थ्) की टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी की। परिजनों ने लिखित आवेदन देकर पोस्टमार्टम नहीं कराने तथा किसी भी सरकारी योजना का लाभ नहीं लेने की बात कही, जिसे पुलिस ने अभिलेख में दर्ज कर लिया। घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।


 
 
 

Comments


Post: Blog2 Post

Address

Shiv Sundari Road, Dumka, Jharkhand 814101

Contact

+917717793803

Follow

  • Facebook
  • YouTube
  • Twitter

©2021 by Santhal Pargana Khabar. All Rights Reserved

bottom of page