खेल और खिलाड़ियों के विकास हेतु जिला प्रशासन कृतसंकल्प: डीसी अभिजीत सिन्हा
- SANTHAL PARGANA KHABAR
- Sep 23, 2025
- 2 min read

सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं है। निरंतर अभ्यास और सच्ची लगन ही है कुंजी
दुमका के कमारदुधानी में जिला स्तरीय खेलो झारखंड प्रतियोगिता का शुभारंभ
दुमका। झारखंड शिक्षा परियोजना, दुमका के तत्वावधान में कमारदुधानी मसलिया रोड स्थित आउटडोर स्टेडियम में स्कूली बच्चों के लिए जिला स्तरीय खेलो झारखंड प्रतियोगिता का मंगलवार को शुभारंभ किया गया। उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने दीप प्रज्वलित कर, बैलून उड़ाकर और नारियल फोड़कर प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि जिले में खेल और खिलाड़ियों को बढ़ावा देने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह कृतसंकल्प है। उन्होंने बच्चों को फुटबॉलर लियोनल मेसी के जीवन से प्रेरणा लेकर कड़ी मेहनत करने की सलाह दी और कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं है। निरंतर अभ्यास और सच्ची लगन से ही सफलता हासिल की जा सकती है।

खेल-कूद में भी है सुनहरा भविष्य: डीडीसी
उप विकास आयुक्त अनिकेत सचान ने कहा कि अब वह जमाना गया जब केवल पढ़-लिखकर ही सफलता पाई जा सकती थी। आज खेलकूद जैसे कई क्षेत्र हैं, जहाँ बेहतर प्रदर्शन कर जीवन में आगे बढ़ा जा सकता है। इससे पूर्व जिला शिक्षा पदाधिकारी भूतनाथ रजवार ने अतिथियों का स्वागत किया और बताया कि यह प्रतियोगिता 27 सितंबर तक चलेगी। कस्तूरबा गांधी विद्यालय की छात्राओं ने बैंड की धुन पर पारंपरिक स्वागत किया। विभिन्न प्रखंडों से आए खिलाड़ियों ने शानदार मार्च पास्ट किया।

डीएसई, डीएसओ व अन्य अधिकारी भी रहे मौजूद
कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधीक्षक आशीष कुमार हेम्ब्रम, जिला खेल पदाधिकारी तूफान कुमार पोद्दार, जिला खेलकूद संघ के सचिव उमाशंकर चौबे, अतिरिक्त जिला कार्यक्रम पदाधिकारी देवेश कुमार सिन्हा, सहायक कार्यक्रम पदाधिकारी श्याम सुंदर मोदक एवं डोली कुमारी, सहायक कार्यक्रम प्रबंधक विभाष चंद्र महतो तथा रंजन दा उपस्थित रहे। चयनकर्ता और आयोजन प्रभारी के रूप में कई शारीरिक शिक्षकों ने अहम योगदान दिया। मंच संचालन शिक्षक मदन कुमार ने किया, जबकि मंच समन्वयन में झारखंड शिक्षा परियोजना की आशुलिपिक रजिया हिल कमर की भूमिका सराहनीय रही।





Comments