क्रेन और ट्रक लेकर पाइप चोरी करने पहुंचा था गिरोह

हरियाणा, बिहार और झारखण्ड के पांच युवक गिरफ्तार
दुमका। जिले के शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र के शिकारीपाड़ा कॉलेज के समीप घर-घर जल योजना में लगाये जाने वाले पाइप को दिनदहाड़े चोरी करते हुए पांच लोग रंगे हाथ गिरफ्तार किए गए हैं। गिरफ्तार लोगों में दो हरियाणा, दो बिहार और एक दुमका का रहने वाला है। यह लोग बाकयदा हाइड्रा (क्रेन) और ट्रक लेकर पाइप चुराने आए थे। इन्होंने 18 पाइप ट्रक में लोड भी कर लिया था। पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज करते हुए पांचों युवकों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। इस पूरे मामले पर शिकारीपाड़ा के थाना प्रभारी अमित लकड़ा ने बताया कि जल योजना का पाइप चोरी करते पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है , आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेज दिया है।

ट्रक में लोड कर लिया था 6 लाख का 18 पाईप
दुमका। दरअसल दुमका जिले के शिकारीपाड़ा और काठीकुंड प्रखंड में घर-घर जल योजना के तहत पाईप लाइन बिछाने का काम चल रहा है। इसके लिए शिकारीपाड़ा कॉलेज के समीप काफी संख्या में पाइप रखा गया है। काम का जिम्मा मेसर्स कल्पतरु प्रोजेक्ट इंटरनेशनल लिमिटेड को मिला है। कंपनी ने अपना कार्यालय शिकारीपाड़ा के मोहुलपहाड़ी के पास बना रखा है। 23 अगस्त को अचानक कंपनी के सुपरवाइजर अरविन्द ने देखा कि जहां उनका पाइप रखा हुआ है वहां एक हाइड्रा के माध्यम से पाइपों को उठा कर एक ट्रक में लोड किया जा रहा है। 18 पीस पाइप ट्रक में लोड भी कर लिया गया है जिसकी कीमत लगभग छह लाख रुपए है। यह देखते ही सुपरवाइजर ने तत्काल डायल 100 और शिकारीपाड़ा थाना को सूचित किया पुलिस पहुंचकर रंगे हाथ पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया। जबकि एक व्यक्ति भागने में सफल निकला।

हरियाणा का ट्रक व दुमका का क्रेन जप्त
दुमका। पुलिस के गिरफ्त में आये पांच लोगों में सनोज गिरी, सोनू कुमार, जोगेंद्र सिंह, सोनू और मुनीर अंसारी शामिल है। इसमें जोगेंद्र सिंह और सोनू हरियाणा के झांझर जिले के निवासी हैं जबकि सनोज गिरी और सोनू कुमार बिहार के बांका जिले के रहने वाले हैं। वहीं ट्रक में लोड करने में हेल्पर का काम कर रहे मुनीर अंसारी शिकारीपाड़ा के ही शिवताला गांव का का रहनेवाला है। ट्रक पर हरियाणा का नंबर प्लेट लगा है, जिस पर एचआर63 एफ5633 नंबर अंकित है जबकि हाइड्रा में दुमका का नंबर अंकित है। कंपनी के मैनेजर राम बहादुर चौरसिया जो उत्तर प्रदेश के वाराणसी के निवासी हैं, उनके बयान पर शिकारीपाड़ा थाना में एफआईआर दर्ज कराया गया है। कांड संख्या 93/25 में भारतीय न्याय संहिता की धारा 303 (2), 317 (2) 3 (5 ) के तहत एफआईआर दर्ज किया गया है। इधर पुलिस आवश्यक कार्रवाई करते हुए पाइप लोड ट्रक और हाइड्रा को जप्त कर थाने ले आई है।




Comments