top of page

विधायक के पीए का व्हाट्सऐप हैक कर 1.70 लाख रुपये की ठगी

साइबर ठगों ने व्हाट्सऐप हैक कर मांगी आर्थिक मदद

दुमका। दुमका में साइबर ठगी का एक मामला सामने आया है, जिसमें ठगों ने जामा विधायक डॉ. लुईस मरांडी के पीए सावर्ण मृणाल मृदुल उर्फ मिट्ठू झा का व्हाट्सऐप हैक कर दो लोगों से करीब 1 लाख 70 हजार रुपये ठग लिए। ठगों ने व्हाट्सऐप के माध्यम से परिचित लोगों को आर्थिक मदद के लिए संदेश भेजकर पैसे ट्रांसफर करवा लिए।

राजीव रंजन से 75 हजार रुपये की ठगी

जानकारी के अनुसार दुमका निवासी राजीव रंजन को मिट्ठू झा के नाम से व्हाट्सऐप नंबर 7004794349 से मैसेज भेजा गया, जिसमें 90 हजार रुपये की तत्काल जरूरत बताई गई। मैसेज में लिखा गया कि उनका यूपीआई काम नहीं कर रहा है और शाम तक पैसे वापस कर दिए जाएंगे। इस पर भरोसा कर राजीव रंजन ने फोनपे के माध्यम से 6263826982 नंबर पर 25-25 हजार रुपये की तीन किस्तों में कुल 75 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए।

दोबारा पैसे मांगने पर हुआ शक

इसके बाद उसी नंबर से फिर 25 हजार रुपये भेजने की मांग की गई, जिससे राजीव रंजन को संदेह हुआ। उन्होंने तुरंत मिट्ठू झा से फोन पर संपर्क किया, तब पता चला कि उन्होंने किसी से भी पैसे की मांग नहीं की है और उनका व्हाट्सऐप अकाउंट हैक हो गया है।

शिक्षिका से भी ठगे 95 हजार रुपये

इसी तरह ठगों ने शिक्षिका रूची शुक्ला से भी मिट्ठू झा के नाम पर 95 हजार रुपये की मांग की और उन्होंने भी वही नंबर 6263826982 पर पूरा पैसा ट्रांसफर कर दिया। बाद में मामले की जानकारी होने पर उन्हें ठगी का एहसास हुआ।

साइबर क्राइम पोर्टल और थाने में दर्ज कराई शिकायत

घटना के बाद पीड़ितों ने साइबर क्राइम पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई और नगर थाना दुमका में लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस दोनों मामलों की जांच में जुट गई है और साइबर ठगों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।


 
 
 

Comments


Post: Blog2 Post

Address

Shiv Sundari Road, Dumka, Jharkhand 814101

Contact

+917717793803

Follow

  • Facebook
  • YouTube
  • Twitter

©2021 by Santhal Pargana Khabar. All Rights Reserved

bottom of page