शिकारीपाड़ा में भीषण सड़क हादसा, हाईवा की चपेट में आने से दो युवकों की मौत
- SANTHAL PARGANA KHABAR
- Mar 16
- 2 min read

दुर्गा मंदिर के पास हुआ दर्दनाक हादसा
शिकारीपाड़ा/निज संवाददाता। शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र के मुख्य बाजार स्थित दुर्गा मंदिर के समीप स्टोन चिप्स लदे एक हाईवा की चपेट में आने से बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा दुमका–रामपुरहाट मुख्य मार्ग एनएच 114ए पर हुआ, जहां टक्कर के बाद दोनों युवक हाईवा के नीचे आ गए और घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

मृतकों की हुई पहचान
मृतकों की पहचान हारून शेख (30) और बाबुर अली शेख (45) के रूप में हुई है। बताया जाता है कि दोनों युवक पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिला के रामपुरहाट थाना क्षेत्र के बेलडंगा गांव के निवासी थे। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में शोक का माहौल बन गया।

ईद मनाने घर लौट रहे थे दोनों युवक
जानकारी के अनुसार दोनों युवक देवघर से ईद मनाने के लिए अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही उनकी बाइक को स्टोन चिप्स लदे तेज रफ्तार हाईवा ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद जुटी भीड़, सड़क जाम
हादसे के बाद घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई। आक्रोशित लोगों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कुछ देर के लिए सड़क जाम कर दिया। लोगों का कहना था कि लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं के बावजूद प्रशासन द्वारा ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।

पुलिस ने पहुंचकर संभाली स्थिति
घटना की सूचना मिलने पर शिकारीपाड़ा के अंचल अधिकारी कपिलदेव ठाकुर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। प्रशासन ने लोगों को समझा-बुझाकर जाम हटवाया और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।

पैदल चलकर वाहन पार कराने का निर्देश
दुर्घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों द्वारा लगाए गए जाम को अंचल अधिकारी कपिलदेव ठाकुर और थाना प्रभारी अमित कुमार लकड़ा ने समझा-बुझाकर हटवाया। अधिकारियों ने मृतकों के परिजनों को हरसंभव सहायता दिलाने का आश्वासन दिया। इस दौरान सीओ ने सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए निर्देश दिया कि अब शिकारीपाड़ा बाजार से गुजरने वाले मालवाहक वाहनों के खलासी वाहन से उतरकर पैदल चलते हुए गाड़ी को बाजार क्षेत्र पार करवाएंगे, ताकि भीड़भाड़ वाले इलाके में दुर्घटनाओं की आशंका कम हो सके।





Comments