आखिर क्यो पिता बन गया अपने इकलौते बेटे का हत्यारा

कालीपाथर में झाड़ी से मिला था विनोद मरांडी का शव, गला रेतकर की गई थी हत्या
दुमका में 18 वर्षीय युवक विनोद मरांडी की हत्या के मामले में पुलिस ने उसके पिता जिशु मरांडी और सौतेली मां सिलाती हेम्ब्रम को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के कालीपाथर गांव में रविवार को विनोद का शव झाड़ी से बरामद किया गया था। उसकी गला रेतकर हत्या की गई थी। घटनास्थल से हत्या में प्रयुक्त हंसुआ भी बरामद हुआ था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मामला संपत्ति विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है। हालांकि, हत्या के पीछे की वास्तविक वजह पुलिस अनुसंधान के बाद ही स्पष्ट होगी।

रिश्तों को शर्मसार करने वाली दूसरी घटना
दुमका में पिछले कुछ दिनों के भीतर परिजनों पर ही बच्चों और युवकों की हत्या के आरोप से जुड़े मामले सामने आए हैं। 4 दिन पहले पुलिस ने 2 बच्चों की हत्या के मामले में उनकी मां और चाची की भूमिका को लेकर कार्रवाई की थी। अब 18 वर्षीय युवक की हत्या के मामले में उसके पिता और सौतेली मां की गिरफ्तारी हुई है। इन घटनाओं ने पारिवारिक रिश्तों और घरेलू विवादों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

मुफस्सिल थाना में दर्ज हुई प्राथमिकी
विनोद मरांडी का शव रविवार को कालीपाथर गांव के पास झाड़ी में मिला था। इस मामले में चरण टुडू के लिखित आवेदन के आधार पर मुफस्सिल थाना कांड संख्या 135/26, दिनांक 26 अक्टूबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1), 238 और 3(5) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। घटनास्थल से हंसुआ मिलने के बाद पुलिस ने हत्या के कारणों और इसमें शामिल लोगों का पता लगाने के लिए जांच तेज कर दी।

एसआईटी ने जांच के बाद दोनों को किया गिरफ्तार
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीपीओ सदर दिलीप खलखो के नेतृत्व में विशेष जांच दल का गठन किया गया। पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान मृतक के पिता जिशु मरांडी और सौतेली मां सिलाती हेम्ब्रम की संलिप्तता सामने आई, जिसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस का दावा है कि सिलाती हेम्ब्रम ने इससे पहले भी 2 बार विनोद पर जानलेवा हमला किया था। जांच के दौरान दोनों आरोपियों के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिलने की बात कहते हुए पुलिस ने उन्हें जेल भेज दिया है।

दंपती के जेल जाने के बाद नाबालिग बेटियों की देखभाल का सवाल
पिता और सौतेली मां की गिरफ्तारी के बाद सिलाती हेम्ब्रम की 2 नाबालिग बेटियों की देखभाल को लेकर भी सवाल खड़ा हो गया है। उनकी जिम्मेदारी अब कौन संभालेगा, यह स्पष्ट नहीं है। पुलिस की कार्रवाई में एसडीपीओ सदर दिलीप खलखो, मुफस्सिल थाना प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक जगन्नाथ धान, दिग्घी ओपी प्रभारी बाजो रजक तथा मुफस्सिल थाना के पुलिस अवर निरीक्षक मेरीबिना किस्कू, रौशन कुमार और ताराचंद शामिल थे।





Comments