अवैध बालू लदा ट्रैक्टर बना मौत का कारण, नाबालिग चालक की मौके पर दर्दनाक मौत
- SANTHAL PARGANA KHABAR
- 14 hours ago
- 1 min read

सरैयाहाट गादीझोंपा मुख्य मार्ग पर ओराबारी के पास मंगलवार को तेज रफ्तार और लापरवाही ने एक 15 वर्षीय किशोर की जान ले ली। बालू लोड ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया और चालक इंजन के नीचे दब गया। हादसा इतना भयावह था कि मौके पर ही उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान बेलीढाब गांव निवासी लक्ष्मण यादव (पिता– योगेंद्र यादव) के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

इंजन के नीचे दबा मिला शव, घंटों मशक्कत के बाद निकाला गया बाहर
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी राजेंद्र यादव और एसआई विकेश मेहरा पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। ट्रैक्टर का भारी इंजन चालक के ऊपर पलटा हुआ था, जिसे हटाने में पुलिस और ग्रामीणों को घंटों कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। बताया गया कि ट्रैक्टर बालू लेकर तेज गति से जा रहा था और तीखे मोड़ पर चालक संतुलन खो बैठा, जिससे ट्रेलर सहित वाहन सड़क किनारे खाई में जा गिरा।
नाबालिग से ट्रैक्टर चलवाने पर सवाल, पुलिस ने वाहन किया जब्त
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए फूलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया। दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर को जब्त कर थाना लाया गया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। नाबालिग से ट्रैक्टर चलवाए जाने को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। हादसे के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में शोक की लहर फैल गई है।












Comments