top of page

ज्वैलरी शॉप चोरी कांड का उद्भेदन, बिहार के शातिर पासवान गिरोह का सदस्य गिरफ्तार


दुमका

सरैयाहाट स्थित श्रवण ज्वेलर्स में 15 जनवरी को हुई लाखों रुपये के आभूषण चोरी मामले का पुलिस ने शुक्रवार को सफल उद्भेदन कर लिया है। इस वारदात को अंजाम देने वाले बिहार के कुख्यात पासवान गिरोह के एक सदस्य अनिरुद्ध पासवान उर्फ गोदल पासवान को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

गिरफ्तार अभियुक्त के पास से चोरी के चांदी के पायल, हार सहित अन्य आभूषण बरामद किए गए हैं। गोदल पासवान की गिरफ्तारी बिहार के बांका जिला अंतर्गत बंधुआकूड़ा थाना क्षेत्र के अम्बातरी गांव स्थित उसके आवास से की गई।

गौरतलब है कि जनवरी माह में सरैयाहाट के श्रवण ज्वेलर्स में अज्ञात चोरों ने सेंधमारी कर लाखों रुपये के आभूषण चोरी कर लिए थे। घटना के बाद पुलिस ने मौके पर डॉग स्क्वायड और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट की मदद से जांच शुरू की थी। दुकान के मालिक श्रवण साह ने अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए अमित कच्छप के नेतृत्व में विशेष जांच टीम का गठन किया गया। टीम में सरैयाहाट थाना प्रभारी राजेंद्र यादव सहित जिले के कई थाना प्रभारियों और पुलिस पदाधिकारियों को शामिल किया गया था।

थाना प्रभारी राजेंद्र यादव ने बताया कि तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस अपराधियों तक पहुंचने में सफल रही। गिरफ्तार अभियुक्त बिहार और झारखंड में कई चोरी की घटनाओं में संलिप्त रहा है। पुलिस ने घटना में शामिल अन्य अपराधियों की पहचान कर ली है और जल्द ही सभी की गिरफ्तारी की जाएगी।

पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ सख्त संदेश गया है और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है।


 
 
 

Comments


Post: Blog2 Post

Address

Shiv Sundari Road, Dumka, Jharkhand 814101

Contact

+917717793803

Follow

  • Facebook
  • YouTube
  • Twitter

©2021 by Santhal Pargana Khabar. All Rights Reserved

bottom of page