राजकीय श्रावणी मेला 2025 में श्रद्धालु क्यूआर कोड स्कैन कर तुरंत कर सकेंगे शिकायत

देवघर
राजकीय श्रावणी मेला, 2025 को और अधिक सुव्यवस्थित एवं श्रद्धालुओं के लिए सुविधाजनक बनाने की दिशा में जिला प्रशासन ने एक और तकनीकी कदम उठाया है। अब मेला क्षेत्र में किसी प्रकार की असुविधा या समस्या होने पर श्रद्धालु क्यूआर कोड स्कैन कर अपनी शिकायत सीधे कंट्रोल रूम तक पहुँचा सकते हैं, जहाँ उस पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
नमन
उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी नमन प्रियेश लकड़ा ने जानकारी दी कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार इस वर्ष मेला क्षेत्र में शौचालय, पेयजल, होल्डिंग प्वाइंट, स्वास्थ्य शिविर और प्रशासनिक कैंप जैसे सभी सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया गया है कि श्रद्धालु कहीं भी असुविधा महसूस करें तो वे तुरंत उस स्थान पर लगे क्यूआर कोड को स्कैन कर अपनी शिकायत दर्ज कर सकें।

कैसे करें शिकायत:
मेला क्षेत्र के हर महत्वपूर्ण स्थान पर क्यूआर कोड प्रदर्शित किए गए हैं।
श्रद्धालु कोड स्कैन करने पर खुलने वाले गूगल फॉर्म में अपनी समस्या दर्ज कर सकते हैं।
आवश्यकता हो तो समस्या से संबंधित फोटो भी अपलोड किया जा सकता है।
शिकायत कंट्रोल रूम को मिलते ही संबंधित विभाग को टैग कर त्वरित कार्यवाही की जाएगी।

विशेष कंट्रोल रूम सेल की स्थापना
इस व्यवस्था की निगरानी हेतु कंट्रोल रूम में एक विशेष मॉनिटरिंग सेल बनाया गया है, जहाँ पर प्रत्येक शिकायत पर नजर रखी जाएगी। संबंधित टीमों को तुरंत मौके पर भेजा जाएगा ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
उपायुक्त श्री लकड़ा ने कहा, “देवतुल्य श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोपरि है। हमारा प्रयास है कि बाबा नगरी देवघर में हर श्रद्धालु एक सकारात्मक और शांतिपूर्ण अनुभव लेकर लौटे।”




Comments