top of page

राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार पहुंचे दुमका, कल करेंगे ध्वजारोहण


दुमका। झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार शुक्रवार को दुमका पहुंचे। दुमका एयरपोर्ट पर उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। इस दौरान राज्यपाल को एयरपोर्ट परिसर में गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। एयरपोर्ट से राज्यपाल लोक भवन पहुंचे, जहां कुछ देर विश्राम के बाद उन्होंने हिजला स्थित मूक-बधिर विद्यालय का दौरा किया और बच्चों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया।

स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर शुक्रवार शाम लोक भवन में आयोजित ‘एट होम’ कार्यक्रम में शहर के चुनिंदा गणमान्य नागरिक शामिल होंगे। यह कार्यक्रम शाम 7 बजे से 8 बजे तक आयोजित किया जाएगा, जिसके लिए विशेष आमंत्रण पत्र जारी किए गए हैं।

पुलिस लाइन मैदान में सुबह 9 बजे होगा ध्वजारोहण

15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस समारोह के अवसर पर राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार दुमका पुलिस लाइन मैदान में राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वे सुबह 8:51 बजे पुलिस लाइन पहुंचेंगे और शहीद स्थल पर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इसके बाद खुली जिप्सी में परेड का निरीक्षण करेंगे तथा सुबह 9 बजे ध्वजारोहण करेंगे।

ध्वजारोहण के बाद राज्यपाल जनता को संबोधित करेंगे तथा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों और संस्थानों को प्रशस्ति पत्र एवं सम्मान पत्र प्रदान करेंगे। समारोह में परेड की कमान आईपीएस अधिकारी वेदांत शंकर संभालेंगे, जबकि दुमका एसडीपीओ दिलीप खलखो द्वितीय कमांडिंग ऑफिसर की भूमिका में रहेंगे। परेड में आईआरबी, एसआईआरबी, जिला पुलिस बल, गृह रक्षा वाहिनी, एनसीसी तथा स्काउट एवं गाइड सहित कुल 14 प्लाटून हिस्सा लेंगी।

समारोह के बाद रांची लौटेंगे

स्वतंत्रता दिवस समारोह के बाद राज्यपाल लोक भवन लौटेंगे और पूर्वाह्न 11:15 बजे स्टेट हेलीकॉप्टर से रांची के लिए रवाना होंगे। उनका हेलीकॉप्टर दोपहर 12:45 बजे बिरसा मुंडा एयरपोर्ट, रांची पहुंचेगा, जहां से वे सड़क मार्ग से लोक भवन जाएंगे।

पिछले वर्ष नहीं पहुंचे थे दुमका

वर्ष 2025 के स्वतंत्रता दिवस समारोह में राज्यपाल ने रांची में ध्वजारोहण किया था। उस समय मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपने पिता दिशोम गुरु शिबू सोरेन के निधन के बाद पैतृक गांव नेमरा में श्राद्धकर्म में शामिल थे। इसके कारण दुमका पुलिस लाइन मैदान में तत्कालीन संताल परगना आयुक्त लालचंद डाडेल ने ध्वजारोहण किया था। इस वर्ष राज्यपाल के दुमका आगमन को लेकर प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।


 
 
 

Comments


Post: Blog2 Post

Address

Shiv Sundari Road, Dumka, Jharkhand 814101

Contact

+917717793803

Follow

  • Facebook
  • YouTube
  • Twitter

©2021 by Santhal Pargana Khabar. All Rights Reserved

bottom of page