संताल परगना स्थापना दिवस पर पदयात्रा, शहीदों के नारों से गूंजा क्षेत्र
- SANTHAL PARGANA KHABAR
- Dec 22, 2025
- 1 min read

दुमका (स.प.)
संताल परगना स्थापना दिवस के अवसर पर भारत सेवाश्रम संघ, स्वामी प्रणवानंद विद्या मंदिर, पाथरा एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के संयुक्त तत्वावधान में एक भव्य पदयात्रा का आयोजन किया गया। पदयात्रा की शुरुआत रानीश्वर प्रखंड स्थित पाथरा परिसर से हुई, जो रानीश्वर ग्राम व बाजार होते हुए दिगुली के ऐतिहासिक हुल स्थल संताल काटा पोखर तक पहुँची।
पदयात्रा को माझी बाबा कंपनी मुर्मू एवं भारत सेवाश्रम संघ के सचिव स्वामीजी नित्यव्रतानंद जी ने संयुक्त रूप से झंडा दिखाकर रवाना किया। संताल काटा पोखर पहुँचकर अमर शहीद सिदो–कान्हू मुर्मू, चाँद–भैरव मुर्मू, फूलो–झानो मुर्मू सहित अन्य गुमनाम शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए गए।

पदयात्रा के दौरान शहीदों के सम्मान में गगनभेदी नारे लगाए गए—
“सिदो–कान्हू अमर रहें”, “चाँद–भैरव अमर रहें”, “फूलो–झानो अमर रहें”, “संताल काटा पोखर के गुमनाम शहीद अमर रहें”, “संताल परगना जीतकर (जय)”, “संताल काटा पोखर जीतकर (जय)" इन नारों से पूरा वातावरण देशभक्ति और जोश से गूंज उठा।

इस सफल आयोजन में विभिन्न सामाजिक संगठनों के साथ-साथ गांव के लेखा होड़, माझी बाबा, नायकी, गुडित, योग माझी आदि ने अग्रणी भूमिका निभाई। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य अभिनन्दन मुर्मू, कालेश्वर मरांडी, रणजीत राउत, बोध बोदरा, गोविन्द यादव, पार्थ राउत, प्रमिला टुडू, प्रणव कुमार भकत, प्रशांत कुमार मुर्मू, शामु हांसदा, सेमल मुर्मू, शिबू मुर्मू सहित विद्यालय के छात्र, उनके अभिभावक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
आयोजकों ने कहा कि संताल परगना के वीर शहीदों का बलिदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है। सभी को अपने इतिहास से सीख लेकर समाज, संस्कृति और मातृभूमि की रक्षा हेतु सदैव कर्तव्यनिष्ठ रहना चाहिए।




Comments