top of page

तीसरी सोमवारी पर कांवड़ियों की भीड़ को नियंत्रित करना दुमका जिला प्रशासन के लिए बड़ी चुनौति

रविवार को भी लगाना पड़ा अरघा, सोमवार व मंगलवार को भी कांवरिया नहीं कर सकेंगे स्पर्श पूजा

दुमका। 28 जुलाई को तीसरी सोमवारी को लेकर उमड़नेवाली कांवड़ियों की भीड़ को नियंत्रित करना दुमका जिला प्रशासन के लिए बड़ी चुनौति है। हरिद्वार के मनसा मंदिर में करंट की अफवाह से मचे भगदड और उसमें 6 मौतें होने से भी सरकार एवं जिला प्रशासन चौकस है। बासुकीनाथ में लगातार इतनी भीड़ है कि 27 जुलाई रविवार को भी अरघा लगा हुआ था। सोमवार व मंगलवार को भी कांवरिया बासुकीनाथ में भी स्पर्श पूजा नहीं कर सकेंगे। राजकीय श्रावणी मेला 2025 के तीसरी सोमवारी एवं मंगलवार को श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए 27 जुलाई को बासुकीनाथ धाम स्थित मयूराक्षी कला मंच में उपायुक्त अभिजीत सिन्हा एवं पुलिस अधीक्षक पीताम्बर सिंह खेरवार की संयुक्त अध्यक्षता में मेला में तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को ब्रीफ किया गया।

बड़ी संख्या में हंसडीहा के रास्ते बासुकीनाथ पहुंचेगे डाक कांवरिया

देवघर से अलग दुमका जिला प्रशासन को दोहरी चुनौति का सामना करना पड़ता है। एक ओर तो देवघर में जलापर्ण के बाद बाबा बासुकीनाथ को जल अर्पित करने वाले कांवरियों की भीड़ होती है वहीं दूसरी ओर भागलपुर के बरारी घाट से जल उठाकर हंसडीहा और नोनीहाट के रास्ते बासुकीनाथ पहुंचनेवाले कांवरियों की व्यवस्था के लिए हंसडीहा में भी प्रशसनिक शिविर से लेकर रास्ते में स्वास्थ्य, सुरक्षा, ट्रैफिक की व्यवस्था करना पड़ती है। हर साल तीसरे सोमवार को 3 से 4 हजार डाक कांवरिया हंसडीहा के रास्ते बासुकीनाथ पहुंचते हैं जिनकी सेवा के लिए रविवार की रात भर विभिन्न संघ व संघटनों के हजारों लोग इन डाक कांवरियों की सेवा में जुटे रहेंगे।

मेला क्षेत्र में भीड़ एकत्रित न हो: उपायुक्त अभिजीत सिन्हा

बैठक में डीसी और एसपी ने सभी ओपी प्रभारियों से उनके क्षेत्र की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली तथा आ रही समस्याओं की विस्तार से समीक्षा की। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सभी पदाधिकारी अपने-अपने कार्यक्षेत्र में सतत निगरानी बनाए रखें एवं आवश्यकता अनुसार त्वरित निर्णय लें। उन्होंने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा एवं सुचारु दर्शन व्यवस्था जिला प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। उपायुक्त ने निर्देशित किया कि मेला क्षेत्र में भीड़ एकत्रित न हो, इसके लिए सभी चेक पॉइंट्स पर विशेष निगरानी रखी जाए। सभी दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी अपने कर्तव्य स्थल पर अलर्ट मोड में रहें तथा किसी भी असामान्य गतिविधि पर त्वरित कार्रवाई करें।

एसपी ने वाहन नियंत्रण पर विशेष निगरानी रखने का दिया निर्देश

डीसी ने भीड़ नियंत्रण हेतु बैरिकेडिंग, दिशा-निर्देशक साइनेज, मॉनिटरिंग सिस्टम को सुदृढ़ बनाए रखने एवं नियंत्रण कक्ष के माध्यम से समन्वय बनाए रखने का निर्देश दिया गया। शिवगंगा, रूट लाइन एवं अन्य संवेदनशील स्थलों पर विशेष नजर रखने की बात कही गई। हंसडीहा के रास्ते बड़ी संख्या में डाक बम के आगमन की संभावना को देखते हुए वाहन नियंत्रण पर विशेष निगरानी रखने को कहा गया। पुलिस अधीक्षक पीताम्बर सिंह खेरवार ने सभी सुरक्षा बलों को संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त सतर्कता बरतने का निर्देश देते हुए कहा कि श्रद्धालुओं को हर संभव सहयोग दिया जाए ताकि वे बासुकीनाथ से एक सकारात्मक अनुभव लेकर लौटें। उन्होंने श्रद्धालुओं के प्रति सौम्य एवं सहयोगात्मक व्यवहार बनाए रखने पर बल दिया।

 
 
 

Comments


Post: Blog2 Post

Address

Shiv Sundari Road, Dumka, Jharkhand 814101

Contact

+917717793803

Follow

  • Facebook
  • YouTube
  • Twitter

©2021 by Santhal Pargana Khabar. All Rights Reserved

bottom of page