17वीं राज्यस्तरीय जूनियर तीरंदाजी प्रतियोगिता का समापन, गोल्डी मिश्रा और खुशी कुमारी ने रचा इतिहास

दुमका। कमरदुधानी स्थित आर्चरी अकादमी में आयोजित 2 दिवसीय 17वीं झारखंड राज्यस्तरीय जूनियर तीरंदाजी प्रतियोगिता-2026 का रविवार को समापन हुआ। समापन समारोह में मुख्य अतिथि जामा विधायक डॉ. लुईस मरांडी ने विभिन्न स्पर्धाओं के विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी, पदक एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि तीरंदाजी झारखंड की पारंपरिक पहचान से जुड़ा होने के साथ ओलंपिक खेल भी है। ऐसे आयोजनों से ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों में छिपी प्रतिभाओं को बेहतर मंच मिल रहा है।

रिकर्व वर्ग में गोल्डी और खुशी का दबदबा।
जूनियर रिकर्व पुरुष व्यक्तिगत स्पर्धा में टाटा आर्चरी एकेडमी के गोल्डी मिश्रा ने स्वर्ण पदक जीता, जबकि महिला वर्ग में इसी अकादमी की खुशी कुमारी प्रथम रहीं। रिकर्व मिश्रित टीम स्पर्धा में गोल्डी मिश्रा और खुशी कुमारी की जोड़ी ने स्वर्ण पदक जीतकर अपनी श्रेष्ठता साबित की। जूनियर इंडियन राउंड पुरुष व्यक्तिगत स्पर्धा में पश्चिमी सिंहभूम के योगेंद्र हेस्सा और महिला वर्ग में रांची की बेबी कुमारी विजेता रहीं। इंडियन राउंड पुरुष टीम में पश्चिमी सिंहभूम तथा महिला टीम में रांची की टीम ने स्वर्ण पदक जीता।

कंपाउंड स्पर्धाओं में पूर्वी सिंहभूम का रहा दबदबा।
जूनियर कंपाउंड पुरुष व्यक्तिगत स्पर्धा में पूर्वी सिंहभूम के दिवांशु सिंह चंद्रवंशी ने स्वर्ण पदक हासिल किया, जबकि मेजबान दुमका के प्रकाश मांझी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक जीता। महिला व्यक्तिगत कंपाउंड स्पर्धा में रिया कुमारी विजेता रहीं। कंपाउंड पुरुष एवं महिला टीम दोनों वर्गों में पूर्वी सिंहभूम की टीम ने प्रथम स्थान हासिल कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए झारखंड की टीम घोषित।
46वीं जूनियर राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता के लिए झारखंड तीरंदाजी संघ ने 24 सदस्यीय अंतिम टीम की घोषणा कर दी है। संघ की मानद सचिव पूर्णिमा महतो की ओर से 4 अक्टूबर को जारी पत्र के अनुसार राष्ट्रीय प्रतियोगिता 21 से 28 अक्टूबर तक राजस्थान के जयपुर में होगी। रिकर्व पुरुष वर्ग में गोल्डी मिश्रा, हिमांशु शर्मा, आदर्श प्रसाद और अनुराग मंडल तथा महिला वर्ग में खुशी कुमारी, सुरभि पाल, सोनिया कुमारी और रितु रानी शामिल हैं। कंपाउंड पुरुष वर्ग में दिवांशु सिंह चंद्रवंशी, राज चट्टर, रितिक कुमार और मो. आदिल तथा महिला वर्ग में सोनाक्षी सिन्हा, सलोनी उरांव, रिया कुमारी और मिलन सिंह का चयन हुआ है।

इंडियन राउंड में 8 तीरंदाज करेंगे प्रतिनिधित्व।
इंडियन राउंड पुरुष वर्ग में योगेंद्र हेस्सा, कुलदीप महतो, बंजू सोरेन और सन्नी हेम्ब्रम तथा महिला वर्ग में बेबी कुमारी, सोनी कुमारी, प्रिया महाली और सुचिता उरांव झारखंड की टीम का हिस्सा होंगी। संघ के वरीय उपाध्यक्ष इंजीनियर कृष्ण नंदन सिंह ने बताया कि राज्य के चयनित 24 तीरंदाज जयपुर में आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में झारखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे।





Comments