इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में दुमका के राहुल रंजन की फिल्म ‘पीएम्स वाइफ’ को बेस्ट फीचर फिल्म जूरी अवार्ड

विश्व की 4000 से अधिक फिल्मों के बीच फिल्म को मिला सम्मान,
दुमका के लेखक-निर्देशक ने झारखंड की कहानी को पर्दे पर उतारा
दुमका। 30 सितंबर से 2 अक्टूबर 2026 तक गुजरात के अहमदाबाद में आयोजित अहमदाबाद इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में झारखंड के लेखक-निर्देशक राहुल रंजन की हिंदी फीचर फिल्म ‘पीएम्स वाइफ’ का प्रदर्शन हुआ। फिल्म फेस्टिवल में विश्वभर से आई 4000 से अधिक चुनिंदा फिल्मों के बीच फिल्म को दर्शकों की सराहना मिली और बेस्ट फीचर फिल्म जूरी अवार्ड से सम्मानित किया गया। गांधी जयंती के अवसर पर गुजरात में झारखंड की कहानी पर बनी 2 घंटे की इस फिल्म को सम्मान मिलने को फिल्म की टीम ने गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।

दुमका के राहुल रंजन हैं फिल्म के लेखक-निर्देशक।
यूनिवर्स एंटरटेनमेंट वर्ल्ड के बैनर तले बनी ‘पीएम्स वाइफ’ के लेखक एवं निर्देशक दुमका, झारखंड निवासी राहुल रंजन हैं। बतौर निर्देशक यह उनकी पहली फिल्म है। फिल्म की शूटिंग मुंबई से सटे पालघर और दुमका के विभिन्न लोकेशन पर हुई है। राहुल रंजन के अनुसार फिल्म झारखंड की एक चर्चित घटना से प्रेरित है, जिससे एक महिला मजदूर का जीवन बेहद प्रभावित हुआ था। महिला केंद्रित इस फिल्म में उसके जीवन संघर्ष को संवेदनशील तरीके से प्रस्तुत किया गया है। उन्होंने बताया कि फिल्म को महिलाओं से विशेष प्रतिक्रिया मिली और कई दर्शकों ने कहानी से जुड़ाव महसूस किया।

कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय फिल्म समारोहों में चयन।
राहुल रंजन के अनुसार ‘पीएम्स वाइफ’ इंडिया शिकागो इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल, चंबल इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल कोटा, जयपुर इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल, पेशावर इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल, इंडो दुबई इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल, अल्टाविला फिल्म फेस्टिवल, लिफ्ट ऑफ ग्लोबल नेटवर्क फिल्म फेस्टिवल, ध्रुमा फिल्म फेस्टिवल और एफवाईएच फिल्म फेस्टिवल न्यूयॉर्क समेत कई समारोहों में चयनित हो चुकी है। फिल्म इंडिया शिकागो इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में बेस्ट इंडियन फीचर फिल्म, चंबल इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में फेस्टिवल स्पेशल मेंशन फिल्म और पेशावर इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में बेस्ट फीचर फिल्म अवार्ड भी जीत चुकी है। राहुल रंजन ने बताया कि राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल में फिल्म की यात्रा अभी जारी है और कई अन्य प्रतिष्ठित समारोहों में इसके चयन की प्रक्रिया चल रही है।

तकनीकी टीम ने मिलकर तैयार की फिल्म।
फिल्म के निर्माता पंकज गुप्ता हैं। कैमरामैन उन्मेष कबरे, आर्ट डायरेक्टर प्रफुल्ल शिर्के और जिनेश मैसुरिया, एडिटर कामेश कर्ण तथा कास्ट्यूम पूर्णिमा सिंह और सीमा कुंजरकर हैं। संगीत एवं बैकग्राउंड म्यूजिक बर्जिन कांट्रैक्टर ने दिया है। एंबियंस और फॉली विशाल डेमोर, डीआई श्रेयष, डबिंग एवं मिक्सिंग प्रणव देथारिया और डीसीपी तथा ऑडियो सीसी अभिषेक कर्मकार ने किया है। असिस्टेंट डायरेक्टर प्रफुल्ल शिर्के, दिनेश मैसुरिया और प्रिंस गुप्ता तथा असिस्टेंट कैमरामैन वैभव हैं।

बिहार, झारखंड और महाराष्ट्र के कलाकारों ने निभाए किरदार।
फिल्म में पंकज गुप्ता, शिखा शर्मा, राहुल रंजन, सत्यकाम आनंद, दीरा रंजन, दीप्ती रंजन, शरण मक्कर, पूर्णिमा सिंह, सौरभ शर्मा, अनिल कुमार गुप्ता, कल्याणी झा, विक्की बैधनाथ, चिया जोशी, मंजु गुप्ता, धनीराम प्रजापति, नवीन चन्द्र ठाकुर, रिपुसूदन साहु, समीर पॉल, राहुल गुप्ता, सीमा कुंजरकर, जिनेश मैसुरिया, प्रिया गुप्ता, प्रफुल्ल शिर्के, वाल्मीकि, आकाश, प्रिंस गुप्ता, कृष्णा शाही, शिवम गुप्ता, सत्येन्द्र यादव और आदित्य गुप्ता समेत बिहार, झारखंड और महाराष्ट्र के कलाकारों ने अभिनय किया है। फिल्म की टीम के अनुसार कलाकारों के चयन और पात्रों को जीवंत बनाने के लिए विशेष मेहनत की गई है।

संगीत में झारखंड की मिट्टी की खुशबू
राहुल रंजन ने फिल्म की कहानी, पटकथा और संवाद के अलावा गीत भी लिखे हैं, वहीं संगीत बर्जिन कांट्रैक्टर ने दिया है और गायक सलमान शेख, सौमी सेल्श और बर्जिन कांट्रैक्टर हैं। फिल्म में कुछ लोक गीत भी हैं जो बिहार-झारखंड की मिट्टी की खुशबू को दर्शकों तक पहुंचाएगा। इन गीतों को कलाकार श्याम लाल गौतम ने गाया है। हिंदी फिल्म 'PM'S WIFE' में दुमका, झारखंड के साहित्यकारों के गीतों को भी शामिल किया गया है जो दर्शकों को झारखंड के ग्रामीण जीवन से रूबरू कराने में सफल साबित होगी। गीतकार डॉ. मधुसूदन मधु का बहुचर्चित गीत 'चिट्ठिये से जानिह तु हाल बबुआ' जिसे गायिका शर्मिला गुप्ता ने गाया है और साथ हीं गीत 'किसनवा किसनवा' जिसके गीतकार और गायक डॉ. नवीन चन्द्र ठाकुर हैं। इन गीतों से फिल्म और भी खूबसूरत बनी है।





Comments