दुमका में ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर डेढ़ करोड़ की ठगी, ऑरोरा एक्स प्लेटफॉर्म पर निकासी बंद

व्हाट्सऐप के जरिए 4,453 लोगों को जोड़ा गया, लिन नामक संपर्क और व्हाट्सऐप चैनल सामने आया
दुमका। दुमका में कम समय में बेहतर मुनाफे का लालच देकर लोगों को ऑनलाइन ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म ऑरोरा एक्स से जोड़ने और करीब डेढ़ करोड़ रुपये की ठगी का मामला इन दिनों चर्चा में है। ऑनलाइन एप के जरिए ठगी का शिकार हुए और हजारों से लेकर 22 लाख रुपये तक गंवाने वाले लोग पिछले 5 दिनों से दुमका नगर थाना का चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन पुलिस ने अब तक इस मामले में प्राथमिकी दर्ज नहीं की है। सूत्रों के अनुसार, शहर और आसपास के इलाकों के सैकड़ों लोग इस प्लेटफॉर्म से जुड़े थे और इसमें लाखों रुपये निवेश किए गए थे। व्हाट्सऐप के माध्यम से लोगों को जोड़कर निवेश और ट्रेडिंग से मुनाफे का भरोसा दिया जाता था। शुरुआत में लाभ दिखाई देने और कुछ रकम की निकासी होने से लोगों का भरोसा बढ़ा, जिसके बाद रेफरल के जरिए नए सदस्यों को जोड़ने का सिलसिला तेज हुआ।

व्हाट्सऐप चैनल से जुड़े 4,453 लोग
इस नेटवर्क से जुड़े मामले में “लिन” नाम का व्हाट्सऐप संपर्क और “ऑरोरा एक्स एक्सक्लूसिव चैनल” भी सामने आया है। उपलब्ध स्क्रीनशॉट के अनुसार, इस चैनल से 4,453 लोग जुड़े हुए बताए गए हैं। सदस्यों को ट्रेडिंग से संबंधित संकेत और दिशा-निर्देश ऑनलाइन माध्यमों से दिए जाने की बात कही जा रही है। नए लोगों को जोड़ने पर कमीशन और अतिरिक्त कमाई का भरोसा दिए जाने की जानकारी भी सामने आयी है, जिससे नेटवर्क के लगातार विस्तार की बात कही जा रही है।

28 अगस्त के बाद निकासी हुई बंद
मामला तब गंभीर हो गया, जब 28 अगस्त 2026 के आसपास ऑरोरा एक्स से पैसे की निकासी अचानक बंद हो गयी। निवेशकों के अनुसार, इसके बाद रकम निकालने में परेशानी आने लगी। तकनीकी समस्या का हवाला देकर जल्द व्यवस्था सामान्य होने का भरोसा दिए जाने की बात भी सामने आयी, लेकिन निकासी शुरू नहीं होने से निवेशकों की चिंता बढ़ती गयी। अब सवाल उठ रहा है कि दुमका में इस प्लेटफॉर्म से वास्तव में कितने लोग जुड़े थे और उनकी कितनी रकम फंसी हुई है। सूत्रों के अनुसार, निवेश की राशि करीब डेढ़ करोड़ रुपये तक बतायी जा रही है, हालांकि वास्तविक आंकड़ा अभी स्पष्ट नहीं है।

मुनाफे के लालच में मेहनत की कमाई पर खतरा
ऑरोरा एक्स से जुड़ा घटनाक्रम ऑनलाइन निवेश करने वालों के लिए सावधानी का संकेत है। सोशल मीडिया और व्हाट्सऐप के माध्यम से मिलने वाले निवेश प्रस्तावों पर बिना सत्यापन भरोसा करना नुकसानदेह हो सकता है। खासकर कम समय में अधिक मुनाफा, गारंटीड रिटर्न और नए लोगों को जोड़ने पर कमीशन जैसी पेशकशों को लेकर निवेशकों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। निवेश से पहले संबंधित प्लेटफॉर्म और कंपनी की विश्वसनीयता तथा वैधानिक स्थिति की जानकारी हासिल करना जरूरी है।

निकासी बंद होने से उठे कई सवाल
फिलहाल ऑरोरा एक्स से जुड़े मामले में निवेशकों की कुल संख्या, निवेश की वास्तविक रकम और निकासी बंद होने के कारण को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। दुमका में इस नेटवर्क की पहुंच कितनी व्यापक थी और लोगों की कितनी मेहनत की कमाई इसमें फंसी है, इसका पता जांच के बाद ही चल सकेगा। वहीं, पिछले 5 दिनों से थाना का चक्कर लगा रहे निवेशकों की ओर से प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की मांग की जा रही है। मामले में पुलिस की ओर से अब तक प्राथमिकी दर्ज नहीं किए जाने से निवेशकों की चिंता बढ़ती जा रही है।





Comments