top of page

हंसी-मजाक में शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदला, लाठी के प्रहार से एक की मौत

11 minutes ago
2 min read

ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस को सौंपा, तीन बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

दुमका। मसलिया थाना क्षेत्र की हरोराइडीह पंचायत अंतर्गत झूजकू गांव में रविवार सुबह करीब 11 बजे हंसी-मजाक के दौरान शुरू हुई कहासुनी खूनी संघर्ष में बदल गई। विवाद के दौरान लाठी से सिर पर प्रहार किए जाने से सुनील मुर्मू की मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुनील अपने घर के समीप एक पेड़ के नीचे बैठे थे। इसी दौरान गांव के रूबिसाल सोरेन वहां पहुंचे। दोनों के बीच हंसी-मजाक चल रहा था, तभी किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर रूबिसाल ने पास में पड़े डंडे से सुनील के सिर पर प्रहार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े और उनकी मौत हो गई।

भाग रहे आरोपी को ग्रामीणों ने पकड़ा: 

घटना के बाद आरोपी के भागने की कोशिश करने पर ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही मसलिया थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और आरोपी रूबिसाल सोरेन को गिरफ्तार कर थाने ले गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और विवाद के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

तीन बच्चों के सिर से उठा पिता का साया: 

मृतक सुनील मुर्मू अपने पीछे पत्नी और 3 बच्चों को छोड़ गए हैं। उनके 15 वर्षीय पुत्र सिसुलाला मुर्मू, 13 वर्षीय पुत्र सुरेश मुर्मू और 10 वर्षीय पुत्री प्रियंका मुर्मू हैं। पिता की अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है।

कच्चे कुएं में डूबने से 47 वर्षीय युवक की मौत: 

दुमका। जामा थाना क्षेत्र की भैरवपुर पंचायत अंतर्गत कोल्हुआ गांव में रविवार को कच्चे कुएं में डूबने से 47 वर्षीय सुनील टुडू की मौत हो गई। वह मानसिक टुडू के पुत्र थे। मिली जानकारी के अनुसार, सुनील किसी काम से कच्चे कुएं के पास गए थे। इसी दौरान अचानक कुएं में गिर गए और गहरे पानी में डूब गए। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर जुटे और उन्हें कुएं से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

पत्नी के आवेदन पर यूडी केस दर्ज: 

घटना की सूचना मिलने पर जामा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। मृतक की पत्नी नीलमुनि मुर्मू के आवेदन पर पुलिस ने यूडी केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ग्रामीणों से पूछताछ कर घटना के कारणों की जानकारी जुटा रही है। युवक की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।


 
 
 

Comments


Post: Blog2 Post

Address

Shiv Sundari Road, Dumka, Jharkhand 814101

Contact

+917717793803

Follow

  • Facebook
  • YouTube
  • Twitter

©2021 by Santhal Pargana Khabar. All Rights Reserved

bottom of page