दुमका के सरवाधाम में बनेगा नया हॉल्ट स्टेशन, सांसद निशिकांत दुबे ने रखी आधारशिला
- SANTHAL PARGANA KHABAR
- Sep 16, 2025
- 2 min read

ककनी-हंसडीहा रेल खंड के बीच मिलेगा सीधा रेल कनेक्शन, यात्रियों को होगा लाभ
दुमका। क्षेत्रीय रेल अवसंरचना और यात्री सुविधाओं में सुधार की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए पूर्व रेलवे के आसनसोल मंडल के अंतर्गत मोहनपुर-हंसडीहा सेक्शन के ककनी और हंसडीहा स्टेशनों के बीच सर्वधाम में नए हॉल्ट स्टेशन की आधारशिला मंगलवार को रखी गई। इस अवसर पर सांसद निशिकांत दुबे ने मुख्य अतिथि के रूप में नये हॉल्ट स्टेशन की आधारशिला रखी। मौके पर आसनसोल डीविजन डीआरएम विनीता श्रीवास्तव, जरमुंडी विद्यायक देवेंद्र कुंवर, जयप्रकाश मंडल, पिंटू तिवारी, हरिकिशोर सिंह, देवता पांडेय, सोनी भगत, भृगुनाथ यादव, विनोद यादव, प्रभुदयाल शर्मा, सुरेश मंडल, जयप्रकाश यादव, मुकेश शर्मा, अधीर झा, सोनू सिन्हा एवं भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे।

यात्रियों और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मिलेगा लाभ
सांसद निशिकांत दुबे ने कहा कि नया हॉल्ट स्टेशन क्षेत्र के लोगों के लिए महत्वपूर्ण सुविधा साबित होगा। यह न केवल यात्रियों को सीधे रेल संपर्क उपलब्ध कराएगा, बल्कि स्थानीय व्यापार, रोजगार और सामाजिक-आर्थिक गतिविधियों को भी गति देगा। स्टेशन के बन जाने से दूरस्थ स्टेशनों पर निर्भरता कम होगी और छात्रों, श्रमिकों तथा व्यापारियों के लिए दैनिक यात्रा आसान होगी।

3.34 करोड़ की लागत से होगा निर्माण
सर्वधाम हॉल्ट स्टेशन का निर्माण लगभग 3.34 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से किया जाएगा। परियोजना के तहत यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आधुनिक, यात्री-अनुकूल अवसंरचना विकसित की जाएगी। इसमें टिकट काउंटर के साथ एकीकृत प्रतीक्षालय, पुरुष और महिला शौचालय, शेड से आच्छादित प्लेटफॉर्म, बैठने की पर्याप्त व्यवस्था, स्वच्छ जल आपूर्ति के लिए वाटर बूथ, सीलिंग फैन और पर्याप्त लाइटिंग की व्यवस्था शामिल होगी।

शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार को मिलेगी नई रफ्तार
सांसद ने कहा कि यह परियोजना केवल भौतिक अवसंरचना का विकास नहीं है, बल्कि सर्वधाम और आसपास के गांवों के हजारों लोगों के लिए आर्थिक सशक्तिकरण और बेहतर कनेक्टिविटी का मार्ग प्रशस्त करती है। स्टेशन शुरू होने के बाद क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और व्यावसायिक अवसरों को नई दिशा मिलेगी।






Comments