शहर की ट्रैफिक और सुरक्षा व्यवस्था पर प्रशासन की विशेष बैठक
- SANTHAL PARGANA KHABAR
- 1 hour ago
- 2 min read

एसपी-एसडीओ की संयुक्त अध्यक्षता में चैंबर ऑफ कॉमर्स के साथ बैठक
दुमका शहर में बढ़ती जाम की समस्या और अपराध नियंत्रण को लेकर प्रशासन अब सख्त रुख अपनाता नजर आ रहा है। इसी क्रम में समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में एसपी पीतांबर सिंह खेरवार और एसडीओ कौशल कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में चैंबर ऑफ कॉमर्स के पदाधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाने, बाजार क्षेत्र में बढ़ती भीड़ को नियंत्रित करने और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। प्रशासनिक अधिकारियों ने व्यापारियों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि शहर को जाम मुक्त और सुरक्षित बनाने के लिए सभी को मिलकर काम करना होगा।

बाजार क्षेत्र में दोपहर 2 से रात 8 बजे तक नो एंट्री लागू
बैठक के दौरान बाजार क्षेत्र में यातायात दबाव को कम करने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। एसडीओ कौशल कुमार ने बताया कि दोपहर 2 बजे से रात 8 बजे तक टीन बाजार चौक से नीचे बाजार होते हुए वीर कुंवर सिंह चौक तक तीन पहिया और चार पहिया वाहनों के प्रवेश पर पूर्ण रोक रहेगी। इसके अलावा अव्यवस्थित पार्किंग की समस्या को नियंत्रित करने के लिए बाइक पार्किंग में इवेन-ऑड सिस्टम लागू करने का निर्णय लिया गया है। प्रशासन का मानना है कि इन व्यवस्थाओं के लागू होने से बाजार क्षेत्र में वाहनों की भीड़ कम होगी और लोगों को जाम से काफी राहत मिलेगी।

सीसीटीवी और गति सीमा से मजबूत होगी सुरक्षा व्यवस्था
बैठक में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए भी कई सुझाव दिए गए। प्रशासन ने सभी व्यवसायियों से अपनी दुकानों के बाहर सीसीटीवी कैमरे लगाने का अनुरोध किया, ताकि संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा सके। साथ ही दुकानों में किसी भी संदिग्ध व्यक्ति के आने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की गई। शहर में वाहनों की गति को नियंत्रित करने के लिए 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटा की गति सीमा तय की गई है, जिसकी नियमित जांच परिवहन विभाग द्वारा की जाएगी। बैठक में एसडीपीओ विजय कुमार महतो, सदर सीओ अमर कुमार, नगर पालिका पदाधिकारी शीतांशु खलको सहित चैंबर ऑफ कॉमर्स के कई पदाधिकारी मौजूद रहे।





Comments