विजन और ईमानदार सिस्टम के बिना नहीं होगा विकास: अभिषेक चौरसिया का सीधा हमला
- SANTHAL PARGANA KHABAR
- Feb 15
- 2 min read

दुमका नगर परिषद अध्यक्ष पद के प्रत्याशी अभिषेक चौरसिया ने कहा है कि विजन की कमी और भ्रष्टाचार के कारण शहर का अपेक्षित विकास नहीं हो सका। उन्होंने चुनाव घोषणा पत्र जारी करते हुए कहा कि नगर परिषद को भ्रष्टाचार मुक्त बनाना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। उनका आरोप है कि विकास कार्यों के बड़े-बड़े दावे किए गए, लेकिन धरातल पर उसका असर नजर नहीं आता। बिना नाम लिए उन्होंने पूर्व नेतृत्व पर निशाना साधते हुए कहा कि जहां पहले झोपड़ी थी, वहां आज चार तल्ला भवन खड़ा हो गया, लेकिन शहर की बुनियादी समस्याएं जस की तस हैं।

बस स्टैंड, बाजार और सफाई व्यवस्था पर बड़ा वादा, सिस्टम बदलने का दावा
चौरसिया ने कहा कि बस स्टैंड के दुकानदारों को दिए गए नोटिस के मामले में वे निर्वाचित होने पर नया इकरारनामा कर उनके हितों की रक्षा करेंगे। फुटकर दुकानदारों को व्यवस्थित स्थान देने, दिन में वार्ड स्तर पर और रात में भीड़भाड़ वाले बाजार व बस स्टैंड क्षेत्र में विशेष सफाई अभियान चलाने की बात कही। उन्होंने माना कि ठेला लगाने वाले भी स्वच्छता के प्रति जिम्मेदार बनें। वादा किया कि सफाईकर्मियों का मानदेय बढ़ाकर 15 हजार रुपये किया जाएगा, हटाए गए कर्मियों को वापस रखा जाएगा और हर माह की पहली तारीख को भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा।

जनता दरबार, 15 दिन में निपटारा और शहरभर में बुनियादी सुधार का संकल्प
अपने जनप्रतिबद्धता संकल्प पत्र में उन्होंने हर वार्ड में मासिक जनता दरबार, आवेदन का 15 दिनों में निष्पादन, घर-घर जलापूर्ति, नाली-सड़क सुधार, जाम से मुक्ति, पार्किंग व ट्रैफिक व्यवस्था मजबूत करने, स्ट्रीट लाइट विस्तार और बिजली तारों को भूमिगत कराने का प्रयास करने का वादा किया। उन्होंने कहा कि नगर परिषद को पर्याप्त फंड मिलता है और बस स्टैंड से ही सालाना बड़ी आय होती है, फिर भी हालत खराब है। उनके अनुसार टुकड़ों में नहीं बल्कि समग्र योजना से विकास होगा और काम जमीन पर दिखेगा।





Comments