दोनों पूर्व अध्यक्षों ने लोगों का भरोषा तोड़ा है, इस बार दुमका की जनता बदलाव चाहती है: सुमित कुमार
- SANTHAL PARGANA KHABAR
- Feb 15
- 2 min read

पुराने नेतृत्व पर सीधा हमला, बदलाव की लहर का दावादुमका नगर परिषद अध्यक्ष पद के प्रत्याशी सुमित कुमार ने जनसंपर्क अभियान के दौरान पूर्व नेतृत्व पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि पिछले दोनों अध्यक्ष जनता के भरोसे पर खरे नहीं उतरे और शहर को बुनियादी समस्याओं से नहीं निकाल पाए। उन्होंने कहा कि वार्ड-वार्ड घूमने पर पानी, सफाई, नाली और स्ट्रीट लाइट की गंभीर दिक्कतें सामने आ रही हैं। उनके अनुसार जनता अब पुराने वादों से निराश है और इस बार स्पष्ट रूप से बदलाव चाहती है। सुमित कुमार ने दावा किया कि उन्हें मिल रहा जनसमर्थन इस बात का संकेत है कि लोग नई कार्यशैली और जवाबदेह नेतृत्व चाहते हैं।

सफाई और पानी पर फोकस, 6 महीने में बदलाव का वादा
सुमित कुमार ने कहा कि दुमका की सबसे बड़ी समस्या सफाई व्यवस्था है और जीतने पर इसे पहली प्राथमिकता बनाया जाएगा। घर-घर कचरा उठाव, सफाई कर्मियों की संख्या बढ़ाने और उनका मानदेय बढ़ाने की बात कही गई। जल संकट दूर करने के लिए नए जल मीनार निर्माण और 24 घंटे जलापूर्ति सुनिश्चित करने का भी वादा किया। उन्होंने कहा कि सभी 21 वार्डों में समान विकास होगा, सीवरेज सिस्टम दुरुस्त किया जाएगा और नालियों की नियमित सफाई कराई जाएगी। महिलाओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए पिंक टॉयलेट और पिंक बस स्टॉप स्थापित करने की योजना भी बताई।

डिजिटल सिस्टम, युवा-महिला-मजदूर पैकेज और वार्ड स्तर पर सुविधा का प्लान
प्रत्याशी ने नगर ऐप के जरिए 72 घंटे में शिकायत समाधान, हर वार्ड में मिनी नगर कार्यालय, नगर परिषद में हेल्प डेस्क और आय-व्यय का सार्वजनिक ब्यौरा देने का वादा किया। युवाओं के लिए युवा शक्ति केंद्र, फ्री वाई-फाई, प्रतियोगी परीक्षा मार्गदर्शन, स्किल ट्रेनिंग और स्टार्टअप समर्थन की घोषणा की। ई-रिक्शा चालकों को पहचान पत्र, मजदूरों को कामगार कार्ड, मुफ्त इलाज और बीमा सुविधा देने की बात कही। साथ ही पार्कों का विकास, नए ग्रीन एरिया, वर्षा जल संचयन, दिव्यांगजनों के लिए घर-घर आवेदन सुविधा और सहायक उपकरणों के निःशुल्क वितरण का भी संकल्प दोहराया।





Comments