तड़ित गोराई ने कहा, अपेक्षाओं पर खरी नहीं उतरी अमिता रक्षित
- SANTHAL PARGANA KHABAR
- Feb 15
- 2 min read

दो बार मौका, फिर भी निराशा—पूर्व अध्यक्ष पर तड़ित गोराई का सीधा हमलादुमका नगर परिषद अध्यक्ष पद के प्रत्याशी तड़ित गोराई ने पूर्व अध्यक्ष अमिता रक्षित पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि जनता ने उन्हें दो बार अवसर दिया, लेकिन वे अपेक्षाओं पर खरी नहीं उतरीं। उन्होंने कहा कि इसके बाद जिस दूसरे नेतृत्व को मौका मिला, वह भी शहर की समस्याओं का समाधान नहीं कर सका। गोराई ने कहा कि वे लंबे समय से लोगों के बीच रहकर मदद करते रहे हैं और जन आग्रह पर ही चुनाव मैदान में उतरे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य किसी का वोट काटना नहीं, बल्कि वैकल्पिक और जवाबदेह नेतृत्व देना है, जबकि वोट कटवा की बात केवल अफवाह है।

शिक्षा और समझ के बिना फंड भी लौट जाता है—नगर प्रशासन पर सवाल
तड़ित गोराई ने कहा कि चुनाव लड़ने के लिए भले शैक्षणिक अर्हता अनिवार्य न हो, लेकिन नगर परिषद की कार्यप्रणाली, अधिकार क्षेत्र और योजनाओं की समझ होना बेहद जरूरी है। जानकारी के अभाव में कई बार नगर परिषद को मिला फंड भी खर्च नहीं हो पाता और वापस लौट जाता है। उनके अनुसार नेतृत्व ऐसा होना चाहिए जो नियम, प्रक्रिया और योजना क्रियान्वयन को समझकर काम करे। उन्होंने दावा किया कि वे प्रशासनिक ढांचे और शहरी जरूरतों को समझते हैं और उसी आधार पर काम करेंगे।

सफाई-पानी-ड्रेनेज पर फोकस, मॉनिटरिंग और पारदर्शिता का वादा
अपने घोषणा पत्र में तड़ित गोराई ने शहर की सफाई, पेयजल आपूर्ति, ड्रेनेज सिस्टम और बुनियादी नागरिक सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। उन्होंने मैलागढ़ा कचरा डंप को निर्धारित स्थल पर शिफ्ट करने, हर वार्ड में डोर-टू-डोर कचरा उठाव और सख्त मॉनिटरिंग, बाजार क्षेत्रों में सार्वजनिक शौचालय और विशेष सफाई अभियान चलाने की बात कही। साथ ही व्यापारियों के लिए पार्किंग व्यवस्था, योजनाओं के खर्च का सार्वजनिक खुलासा, शिकायत सुनवाई कैंप, वृक्षारोपण अभियान, बुजुर्गों के लिए निःशुल्क यातायात सुविधा, स्ट्रीट लाइट जांच, होल्डिंग टैक्स में राहत और जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र समय पर जारी करने का भी संकल्प दोहराया।





Comments