रफ्तार का कहर: अज्ञात वाहन की टक्कर से किशोर की मौत, अलग हादसे में युवक घायल
- SANTHAL PARGANA KHABAR
- 5 hours ago
- 2 min read

मधुवन गांव के पास हादसे में 13 वर्षीय किशोर की मौत
दुमका। जरमुंडी थाना क्षेत्र के सोनारायठाड़ी-सहारा रोड पर मधुवन गांव के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से 13 वर्षीय किशोर सजल अंसारी की मौत हो गई। घटना सोमवार देर रात की है। किशोर देवघर जिले के पालोजोरी थाना क्षेत्र के माठाचक गांव का निवासी था और अपने परिजनों के साथ मामा के घर बाराटांड़ जा रहा था।

तीन लोग हुए घायल, इलाज के दौरान तोड़ा दम
बताया जाता है कि अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार तीन लोग घायल हो गए थे। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें पहले सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां से दुमका के पीजेएमसीएच रेफर किया गया। इलाज के दौरान सजल अंसारी की मौत हो गई, जबकि अन्य दो घायलों को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।

परिजनों ने पोस्टमार्टम से किया इंकार
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर फर्द बयान लिया। परिजनों ने किशोर के शव का पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया, जिसके बाद शव को उन्हें सौंप दिया गया।

दूसरी घटना में बाइक की टक्कर से युवक घायल
इधर, रामगढ़ प्रखंड के धंनौर और बड़ीरणबहियार के बीच मंगलवार शाम एक तेज रफ्तार बाइक ने पैदल चल रहे युवक को टक्कर मार दी। इस हादसे में धंनौर निवासी सहदेव कुंवर गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि बाइक चालक मौके से फरार हो गया।

गंभीर हालत में दुमका रेफर, पुलिस जांच में जुटी
घायल युवक को परिजनों द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामगढ़ में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए दुमका रेफर कर दिया गया। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, हालांकि समाचार लिखे जाने तक थाना में लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई थी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।





Comments