मुंह में लकड़ी फंसा कर किया सामूहिक दुष्कर्म, फिर कर दी हत्या

पिता के बयान पर प्राथमिकी दर्ज, वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर जांच तेज;
दुमका। काठीकुंड थाना क्षेत्र में 14 वर्षीय किशोरी का शव झाड़ियों से बरामद होने के मामले में पुलिस ने मृतका के पिता के बयान पर सामूहिक दुष्कर्म की प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर आरोपितों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। घटना की गंभीरता को देखते हुए अनुसंधान तेज कर दिया गया है। मामले में अब तक सामने आये तथ्यों के आधार पर पुलिस आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर रही है। हालांकि, घटना से जुड़े सभी पहलुओं की आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

आसपास के लोगों ने ही घटना को दिया है अंजाम
पुलिस अधीक्षक पीतांबर सिंह खेरवार ने बताया कि प्रारंभिक परिस्थितियों से आशंका है कि घटना को अंजाम देने वाले लोग आसपास के क्षेत्र के हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि किशोरी का शव अर्धनग्न अवस्था में मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गयी थी। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है और स्थानीय लोगों से जानकारी जुटा रही है। एसपी ने भरोसा दिलाया कि मामले का खुलासा करने और आरोपितों को गिरफ्तार करने के लिए प्रयास जारी हैं।

पोस्टमार्टम के दौरान मुंह से लकड़ी का टुकड़ा निकाला
अस्पताल सूत्रों के अनुसार, पोस्टमार्टम के दौरान किशोरी के मुंह से लकड़ी का एक टुकड़ा निकाला गया। आशंका जतायी जा रही है कि वारदात के दौरान उसकी आवाज दबाने के लिए ऐसा किया गया होगा। पुलिस फिलहाल इस संबंध में आधिकारिक तौर पर विस्तृत जानकारी देने से बच रही है। मौत के वास्तविक कारणों और दुष्कर्म से जुड़े तथ्यों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा जांच में मिले साक्ष्यों के आधार पर होगी।

गाय खोलने घर से निकली थी किशोरी।
परिजनों के अनुसार, घटना वाले दिन शाम करीब 3 से 4 बजे के बीच किशोरी घर से कुछ दूरी पर मवेशी लाने गयी थी। गाय तो घर लौट आयी, लेकिन किशोरी वापस नहीं पहुंची। काफी देर तक तलाश करने के बाद परिजनों और ग्रामीणों को झाड़ियों में उसका शव मिला। बताया गया कि घर से घटनास्थल की ओर तलाश के दौरान मैदान के पास किशोरी की चप्पल और छाता भी मिला था। पुलिस इन वस्तुओं सहित घटनास्थल से मिले अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है।

चप्पल और छाते समेत अन्य साक्ष्यों से सुराग तलाश रही पुलिस।
पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि किशोरी के साथ घटना किन परिस्थितियों में हुई और इसमें कौन-कौन शामिल थे। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और स्थानीय स्तर पर जुटायी गयी जानकारी को जांच का हिस्सा बनाया गया है। घटना से क्षेत्र में आक्रोश है और लोग आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





Comments