गोपीकांदर में 2 सड़क हादसे, 3 हाइवा और 1 ट्रक क्षतिग्रस्त

500 मीटर के दायरे में तड़के हुए हादसे
गोपीकांदर थाना क्षेत्र में रविवार तड़के गाड़ियापानी डाउन और कारूडीह मोड़ के पास करीब 500 मीटर की दूरी पर 2 अलग-अलग सड़क दुर्घटनाएं हुईं। हादसों में 3 हाइवा और गिट्टी लदा 1 ट्रक क्षतिग्रस्त हो गया। कुछ चालकों को आंशिक चोटें आईं, हालांकि किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। लगातार दो दुर्घटनाओं के कारण इलाके में कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा।

गाड़ियापानी डाउन के पास पलटी हाइवा
पहली दुर्घटना रविवार सुबह करीब 3 बजे गोविंदपुर-साहिबगंज स्टेट हाईवे पर गाड़ियापानी डाउन के पास हुई। कोयला लेकर अमड़ापाड़ा से दुमका स्थित अनलोडिंग साइट जा रहे हाइवा चालक सुभान अंसारी के अनुसार, सामने से दुमका की ओर आ रही दूसरी हाइवा अचानक उनके वाहन के सामने आ गई। आमने-सामने की टक्कर से बचने के लिए उन्होंने वाहन दाहिनी ओर मोड़ दिया, जिससे हाइवा अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। चालक ने बताया कि समय रहते वाहन नहीं मोड़ने पर दोनों हाइवा के केबिन में सीधी टक्कर हो सकती थी और बड़ा हादसा हो सकता था।

कारूडीह मोड़ पर पीछे लुढ़का ट्रक
दूसरी दुर्घटना सुबह करीब 4 बजे कारूडीह मोड़ के पास हुई। हाइवा चालक राकेश हेंब्रम ने बताया कि दुमका की ओर जाने के लिए गिट्टी लदा एक ट्रक खड़ा था। इसी दौरान ट्रक चालक केबिन से उतर गया और ट्रक बिना चालक के करीब 100 मीटर पीछे की ओर लुढ़कने लगा। इस दौरान एक हाइवा के केबिन का शीशा टूट गया। पीछे लुढ़क रहे ट्रक से दुमका की ओर से आ रही तीसरी हाइवा भी टकरा गई। टक्कर के बाद हाइवा ट्रक से रगड़ खाते हुए सड़क किनारे गड्ढे में फंस गई। इस हादसे में 3 हाइवा और ट्रक क्षतिग्रस्त हो गए।

पुलिस ने घटनास्थल का लिया जायजा
दोनों दुर्घटनाओं की सूचना मिलने पर एएसआई राजन सिंह के नेतृत्व में गोपीकांदर थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों की स्थिति का जायजा लिया। दोनों हादसों में किसी की मौत की सूचना नहीं है।





Comments