मयूराक्षी नदी में डूबे युवक का 24 घंटे बाद मिला शव

मसांजोर डैम का गेट खुला रहने से नदी में था तेज बहाव
दुमका जिले के मसलिया प्रखंड के टोंगरा थाना क्षेत्र में मसांजोर डैम के पास मयूराक्षी नदी में डूबे 35 वर्षीय मिथुन सोरेन का शव रविवार शाम बरामद कर लिया गया। शनिवार दोपहर नदी में डूबने के बाद से ही उसकी तलाश की जा रही थी। दूसरे दिन पुलिस, स्थानीय गोताखोरों, मछुआरों और ग्रामीणों ने संयुक्त रूप से अभियान चलाया। नाव और जाल की मदद से नदी के कई किलोमीटर क्षेत्र में खोजबीन की गई। काफी मशक्कत के बाद शव मिलने की सूचना से सिंगारी गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

फुटबॉल मैच देखकर लौटने के दौरान हुआ हादसा
सिंगारी गांव निवासी मिथुन सोरेन शनिवार को दोस्तों के साथ बांदरकोदा में फुटबॉल मैच देखने गया था। मैच देखकर लौटने के दौरान वह मयूराक्षी नदी पार कर रहा था, तभी तेज बहाव की चपेट में आकर बह गया। दोस्तों ने शोर मचाकर उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन वह देखते ही देखते लापता हो गया। घटना की सूचना मिलने पर टोंगरा थाना प्रभारी गुरुचरण मांझी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थानीय गोताखोरों व ग्रामीणों की मदद से तलाशी अभियान शुरू कराया। तेज बहाव और गहरे पानी के कारण खोजबीन में काफी परेशानी हुई।

डैम का गेट खुला रहने से तेज था नदी का बहाव
ग्रामीणों के अनुसार, मसांजोर डैम का गेट पिछले 4 दिनों से खुला रहने के कारण मयूराक्षी नदी में पानी का बहाव तेज था। शव बरामद होने के बाद पुलिस आगे की कानूनी प्रक्रिया में जुट गई है। ग्रामीणों ने नदी पार करने के दौरान होने वाली दुर्घटनाओं को देखते हुए प्रशासन से वैकल्पिक व्यवस्था करने और खतरनाक स्थानों पर चेतावनी बोर्ड लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।





Comments