top of page

बासुकिनाथ के विकास के लिए बोर्ड की बैठक में 45 प्रस्ताव, 94 सफाईकर्मियों की नियुक्ति की योजना

4 hours ago
2 min read

शिवगंगा का सौंदर्यीकरण, 1000 सोलर लाइट, घर-घर जलापूर्ति, आधुनिक मार्केट कॉम्प्लेक्स और पार्क निर्माण पर चर्चा

बासुकिनाथ नगर पंचायत के सर्वांगीण विकास को लेकर अध्यक्ष वीणा देवी की अध्यक्षता में बोर्ड की बैठक हुई। इसमें अध्यक्ष वीणा देवी और उपाध्यक्ष रोहित कुमार ने विकास से जुड़े कुल 45 प्रस्ताव रखे। नगर पंचायत प्रशासक सार्जेंन मरांडी की उपस्थिति में प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा की गई। अध्यक्ष ने सभी वार्ड पार्षदों से अपने-अपने क्षेत्र की समस्याएं और जरूरतें बताने को कहा, ताकि बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए योजनाएं तैयार की जा सकें।

12 वार्डों की सफाई के लिए 94 कर्मियों का प्रस्ताव

नगर पंचायत के सभी 12 वार्डों में सफाई व्यवस्था सुदृढ़ करने के लिए 94 सफाईकर्मियों की आवश्यकता का प्रस्ताव रखा गया। इसके तहत प्रत्येक वार्ड में सफाई टीम, कचरा वाहन और कर्मियों की संख्या निर्धारित करने पर चर्चा हुई। इसके अलावा नगर क्षेत्र में 100 चापाकल, 25 हाईमास्ट लाइट, 1000 सोलर लाइट, एक अग्निशमन वाहन और गौशाला निर्माण के प्रस्ताव भी शामिल किए गए। बैठक में महात्मा गांधी, फूलो-झानो, स्वामी विवेकानंद और शहीद मनजीत झा की प्रतिमाएं स्थापित करने पर भी चर्चा हुई।

शिवगंगा का सौंदर्यीकरण और घर-घर जलापूर्ति की योजना

वार्ड संख्या 10 में शिवगंगा के जल को स्वच्छ रखने और पश्चिमी दिशा में शौचालय के साथ दो मंजिला भवन बनाने का प्रस्ताव रखा गया। भवन के निचले तल पर पंडा-पुरोहित, नाई और फूल-बेलपत्र विक्रेताओं के लिए व्यवस्था करने, जबकि ऊपरी तल पर यात्रियों के विश्राम और भजन-कीर्तन के लिए स्थान बनाने की योजना है। बंद पड़ी मयूराक्षी जलापूर्ति योजना को चालू कर घर-घर पानी पहुंचाने तथा शिवगंगा का सौंदर्यीकरण करने पर भी चर्चा हुई। नंदी चौक पर शौचालय निर्माण का प्रस्ताव भी रखा गया।

पार्क, सब्जी बाजार और आधुनिक मार्केट कॉम्प्लेक्स पर जोर

नगर पंचायत क्षेत्र में पार्क निर्माण और सब्जी बाजार के लिए नई जगह चिह्नित करने का प्रस्ताव रखा गया। बंद पड़े पुराने मध्य विद्यालय और चूड़ी गली स्थित पुराने भवन को हटाकर आधुनिक मार्केट कॉम्प्लेक्स बनाने की योजना पर भी चर्चा हुई। इसके अलावा बेलगुमा में राष्ट्रीय राजमार्ग-114ए के किनारे बड़े पार्किंग स्टैंड के निर्माण का प्रस्ताव शामिल किया गया। इन योजनाओं के जरिए नगर क्षेत्र में यात्री सुविधाओं, बाजार व्यवस्था और सार्वजनिक स्थलों को बेहतर बनाने पर जोर दिया गया।

जनता से किए वादे धरातल पर उतारना प्राथमिकता : वीणा देवी

नगर पंचायत अध्यक्ष वीणा देवी ने कहा कि चुनाव के दौरान जनता से किए गए वादों को धरातल पर उतारना उनकी प्राथमिकता है। सभी वार्ड पार्षदों के सहयोग से बासुकिनाथ को स्वच्छ, सुंदर और विकसित बनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रत्येक माह एक दिन नगर पंचायत कर्मियों, पदाधिकारियों, स्वच्छता पर्यवेक्षकों और वार्ड पार्षदों की भागीदारी से पूरे नगर में सफाई अभियान और जागरूकता कार्यक्रम चलाया जाएगा। बैठक में वार्ड पार्षद पांचू दास, केशव कुमार गुप्ता, श्वेता मिश्रा, निकेश कुमार, मनोज राव, बेबी देवी, पिंकी देवी, बहामुनी टुडू, मनीषा पांडा, अनिल मंडल और सुनील कुमार बास्की सहित अन्य लोग उपस्थित थे।


 
 
 

Comments


Post: Blog2 Post

Address

Shiv Sundari Road, Dumka, Jharkhand 814101

Contact

+917717793803

Follow

  • Facebook
  • YouTube
  • Twitter

©2021 by Santhal Pargana Khabar. All Rights Reserved

bottom of page