बाबूपुर गांव स्थित काली मंदिर की पहरेदारी कर रहे ग्रामीण
- SANTHAL PARGANA KHABAR
- Sep 13, 2025
- 2 min read

सीओ और थाना प्रभारी ने गांव पहुंच हालत का लिया जायजा
दुमका। दुमका जिले के सरैयाहाट थाना क्षेत्र के बाबूपुर गांव स्थित काली मंदिर में असामाजिक तत्वों के द्वारा शौच किए जाने को लेकर दूसरे दिन भी गांव में स्थिति तनावपूर्ण बनी रही। गांव के ग्रामीण मंदिर की सुरक्षा को लेकर दिन रात मंदिर परिसर में बैठे हुए दिखें। सीओ राहुल कुमार शानू और थाना प्रभारी राजेंद्र यादव भी शनिवार को गांव पहुंच हालत का जायजा लिया।

मंदिर तोड़े जाने की धमकी से काफी सहमे हैं ग्रामीण
समुदाय विशेष के लोगों के द्वारा मंदिर तोड़े जाने की धमकी से ग्रामीण काफी सहमे हुए हैं। ग्रामीणों को लग रहा है कि कहीं उनके मंदिर को कोई नुकसान न पहुंचा दे। युवा बुजुर्ग सभी लोग बारी बारी से मंदिर की सुरक्षा के लिए पहरेदारी कर रहे हैं। साथ ही गांव के ठाकुरबाड़ी मंदिर में भी ग्रामीण रतजग्गा कर पहरेदारी कर रहे हैं।

कई दिनों से दो समुदायों के बीच चल रहा विवाद
सरैयाहाट के बाबूपुर गांव में विगत कई दिनों से दो समुदायों के बीच विवाद चल रहा है। एक पक्ष के द्वारा कब्रगाह के लिए रास्ते के विवाद पर कभी धार्मिक झंडे तो कभी अन्य गतिविधियों से माहौल को बिगाड़ने का काम किया जा रहा है। शुक्रवार को तो असामाजिक तत्वों ने मंदिर परिसर में कई जगहों पर शौच कर दिया था जिसकी वजह से पूरे क्षेत्र में माहौल तनावपूर्ण हो गया था। जिसके बाद बड़ी संख्या में पुलिस बलों को गांव में तैनात किया गया था।

बड़ी संख्या में पूजा के लिए शनिवार को मंदिर पहुंचे श्रद्धालु
काली मंदिर बाबूपुर के पुजारी नीलकंठ मांझी ने बताया कि शनिवार को मंदिर की सफाई के बाद शनिवार को नियमानुसार मंदिर को खोला गया और पूरे विधि विधान से पूजा अर्चना की गई। शनिवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं पूजा के लिए मंदिर पहुंचे थे। पूजा के लिए आने वाले श्रद्धालुओं में भी काफी भय व्याप्त है।

असामाजिक तत्वों एवं हर गतिविधि पर नजर: थानेदार
सरैयाहाट के थाना प्रभारी राजेंद्र यादव ने बताया कि गांव की हर गतिविधि पर नजर रखा जा रहा है। मंदिर में शौच करने वाले असमाजिक तत्वों की पहचान की जा रही है। असामाजिक तत्वों पर पुलिस सख्त कार्यवाही करने जा रही है।तकनीकी रूप से भी अनुसंधान किया जा रहा है। फिलहाल गांव में स्थिति सामान्य है।




Comments