दुमका में वज्रपात और आंधी-तूफान से तबाही, युवक की मौत, कई घर क्षतिग्रस्त
- SANTHAL PARGANA KHABAR
- 19 hours ago
- 2 min read

डिगवाडीह में वज्रपात से युवक की मौत, मवेशियों की भी जान गई
दुमका। मसलिया थाना क्षेत्र के गुमरो पंचायत अंतर्गत डिगवाडीह गांव में शुक्रवार शाम करीब 7:30 बजे वज्रपात की घटना में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो मवेशियों की भी जान चली गई और एक व्यक्ति घायल हो गया। बेलपाड़ा में पेड़ पर गिरी बिजली से एक गाभिन भैंस और एक बैल की मौत हो गई, वहीं मोतीलाल राय के घर पर ठनका गिरने से उनके 35 वर्षीय पुत्र कन्हैया राय की मौत हो गई। घायल मोतीलाल राय का इलाज चल रहा है।

ईद की सुबह जल संकट, शाम को बहाल हुई आपूर्ति
दुमका/निज संवाददाता। ईद के मौके पर शनिवार सुबह दुमका शहर और आसपास के क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति पूरी तरह ठप रही, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। विद्युत ट्रांसमिशन लाइन में फॉल्ट और वज्रपात से इंसुलेटर क्षतिग्रस्त होने के कारण बिजली बाधित रही। दोपहर बाद बिजली बहाल होने के बाद शाम करीब 5:10 बजे जलापूर्ति शुरू की गई।

आंधी-बारिश से गांवों में भारी नुकसान
शुक्रवार शाम से शुरू हुई तेज आंधी और बारिश ने कई गांवों में तबाही मचा दी। हंसडीहा के भाटीन गांव में जलमीनार का सोलर प्लेट उड़कर एक घर पर गिर गया, जिससे घर क्षतिग्रस्त हो गया और अनाज नष्ट हो गया। इसके साथ ही जलापूर्ति व्यवस्था भी बाधित हो गई, जिससे गांव में पानी का संकट उत्पन्न हो गया।

पेड़ गिरने से कई घर क्षतिग्रस्त
रामगढ़ प्रखंड के सतरला गांव में आंधी-तूफान के दौरान बरगद का विशाल पेड़ गिरने से चार घर क्षतिग्रस्त हो गए। एक घर पूरी तरह ध्वस्त हो गया, जबकि अन्य घरों को आंशिक नुकसान हुआ। ग्रामीणों के अनुसार शाम के समय घटना होने से बड़ा हादसा टल गया।

ताड़ का पेड़ गिरने से कच्चा घर ध्वस्त, परिवार बेघर
मसलिया प्रखंड के सितुम टोला में तेज आंधी के दौरान ताड़ का पेड़ गिरने से प्रेमचंद मुर्मू का कच्चा घर पूरी तरह ध्वस्त हो गया। घटना के समय घर में मौजूद सभी सदस्य सुरक्षित बच गए, लेकिन परिवार बेघर हो गया है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने पीड़ित परिवार को सहायता दिलाने का आश्वासन दिया है, वहीं ग्रामीणों ने प्रशासन से मुआवजे की मांग की है।





Comments