बर्खास्त की जायेगी अनुपस्थित आंगनबाड़ी सेविकाएँ: डीसी अभिजीत सिन्हा
- SANTHAL PARGANA KHABAR
- Sep 8, 2025
- 2 min read

सेविका एवं सहायिका के रिक्त पदों को प्राथमिकता के आधार पर भरने का निर्देश
दुमका। समाहरणालय सभागार में उपयुक्त अभिजीत सिन्हा की अध्यक्षता में सोमवार को समाज कल्याण विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गयी। बैठक में विभाग की समीक्षा करते हुए उपयुक्त ने आंगनबाड़ी केंद्रों में सेविका सहायिका के रिक्त पदों को नियमानुसार भरने का निदेश दिया। उन्होंने कहा कि वैसे सभी आंगनबाड़ी केंद्र जहाँ सेविका एवं सहायिका के पद रिक्त हैं उसे जल्द नियमानुसार ढंग से प्राथमिकता के आधार पर भरा जाए। बैठक में उपायुक्त ने निदेश दिया कि सभी आंगनबाड़ी केंद्र नियमित रूप से खुले, इसे सुनिश्चित किया जाय। आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों को दी जाने वाली सभी सुविधाएं निश्चित रूप से मिलें। उपायुक्त ने कहा कि वैसे आंगनबाड़ी केंद्र जहां सेविका उपस्थित नहीं रहती हैं, उनसे स्पष्टीकरण करते हुए चयन मुक्त करने की कार्रवाई की जाय।

सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना 37000 लाभुकों को जोड़ने का लक्ष्य
सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना की समीक्षा करते हुए डीसी ने कहा कि लक्ष्य के अनुरूप लाभुकों का चयन करते हुए योजना का लाभ दिया जाए। जानकारी दी गई की वित्तीय वर्ष 2025-26 में 37000 लाभुकों को इस योजना से आच्छादित करने का लक्ष्य प्राप्त है। मुख्यमंत्री कन्यादान योजना की समीक्षा करते हुए उन्होंने प्राप्त लक्ष्य को पूर्ण करने का निदेश दिया। जानकारी दी गयी कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में 474 लाभुकों को योजना का लाभ देने है एवं अब तक 201 आवेदन प्राप्त हुए हैं। उपायुक्त ने कहा कि सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, सीडीपीओ एवं महिला पर्यवेक्षिका के साथ समीक्षा करते हुए पोषण ट्रैकर ऐप में आंगनबाड़ी केंद्र का हैंडोवर सुनिश्चित करेंगे।

कम आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण करनेवाली महिला पर्यवेक्षिकाओं का वेतन बंद
उपायुक्त ने कहा कि वैसे आंगनबाड़ी केंद्र जहां बिजली और पानी की सुविधा नहीं है उनकी सूची तैयार कर उपलब्ध कराएंगे। जानकारी दी गयी कि लगभग 217 आंगनबाड़ी केन्द्रों में शौचालय एवं 450 आंगनबाड़ी केंद्रों में पेयजल से संबंधित कार्य किये जा रहे हैं। उपायुक्त ने निदेश दिया कि संबंधित सीडीपीओ अपने स्तर से कार्य की गुणवत्ता की जांच करेंगे। इस दौरान उन्होंने वैसी महिला पर्यवेक्षिका जिन्होंने 10 से कम आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण किया है उनके वेतन निकासी पर रोक लगाने का निदेश दिया। बैठक में उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्रों में उपलब्ध प्री स्कूल एजुकेशन किट, मोबाइल, बर्तन, कपड़ा खाना से संबंधित जानकारी प्राप्त की एवं आवश्यक निदेश दिया। बैठक में समाज कल्याण पदाधिकारी अंजू कुमारी, सभी सीडीपीओ आदि उपस्थित थे।





Comments