लैब टेक्नीशियन छात्र ने किराये के मकान में फांसी लगाकर की आत्महत्या
- SANTHAL PARGANA KHABAR
- Mar 17
- 1 min read

महुआडंगाल में किराये के मकान में मिली छात्र की लाश
दुमका/निज संवाददाता। फूलो झानो मेडिकल कॉलेज में पैथोलॉजी लैब टेक्नीशियन की ट्रेनिंग कर रहे 20 वर्षीय छात्र ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र के महुआडंगाल स्थित एक किराये के मकान में हुई, जहां छात्र का शव फंदे से लटका मिला।

मधुपुर के बगनाडीह गांव का था निवासी
मृतक की पहचान अविनाश कुमार झा के रूप में हुई है, जो देवघर जिले के मधुपुर थाना क्षेत्र के बगनाडीह गांव का रहने वाला था। उसके पिता अरविंद कुमार झा मधुपुर में एक डॉक्टर के क्लिनिक में कंपाउंडर के रूप में कार्यरत हैं। दो भाइयों में अविनाश सबसे छोटा था।

ट्रेनिंग के लिए दुमका में रह रहा था छात्र
बताया गया कि अविनाश तीन वर्षीय लैब टेक्नीशियन कोर्स के तहत दो वर्ष की पढ़ाई पूरी कर चुका था और एक वर्ष की ट्रेनिंग के लिए दुमका आया था। वह पहले रसिकपुर के एक लॉज में रहता था, लेकिन सोमवार को ही महुआडंगाल स्थित एक मकान में रहने आया था।

रात में उठाया आत्मघाती कदम
जानकारी के अनुसार सोमवार की रात उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों के मुताबिक वह पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में था। घटना की सूचना मिलने पर परिवार के लोग सदमे में हैं।

परिजनों ने पोस्टमार्टम से किया इंकार
मृतक के पिता ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया है। उनका कहना है कि इस घटना के लिए किसी को दोषी नहीं ठहराया जा सकता। उन्होंने बताया कि रात में वे बेटे से बात करना चाहते थे, लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ और सुबह आत्महत्या की सूचना मिली।





Comments