top of page

प्रतियोगी परीक्षाओं में गड़बड़ी के आरोप पर भाजपा का प्रदर्शन, डीसी कार्यालय घेरा

15 hours ago
2 min read

छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने, दोषियों पर कार्रवाई और सीबीआई जांच की मांग; बाबूलाल मरांडी ने सरकार पर साधा निशाना

दुमका। जेपीएससी, जेएसएससी-सीजीएल समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी के खिलाफ भाजपा ने मंगलवार को दुमका में प्रदर्शन किया। भाजपा जिलाध्यक्ष रुपेश मंडल के नेतृत्व में यज्ञ मैदान से रैली निकाली गई, जो शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए समाहरणालय भवन पहुंची। यहां भाजपा कार्यकर्ताओं ने डीसी कार्यालय का घेराव किया। उस समय उपायुक्त एक महत्वपूर्ण बैठक में थे। भाजपा नेताओं के पहुंचने पर एसडीओ के माध्यम से माइक बंद कराने को कहा गया, लेकिन पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी माइक से अपना संबोधन करते रहे।

छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने की मांग

सभा को संबोधित करते हुए झारखंड विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने आरोप लगाया कि प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी के खिलाफ आंदोलन कर रहे छात्रों के साथ झामुमो कार्यकर्ताओं ने मारपीट की। उन्होंने कहा कि मारपीट के आरोपियों पर कार्रवाई करने के बजाय छात्रों के खिलाफ ही मुकदमे दर्ज कर दिए गए। उन्होंने छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने तथा कथित दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

सीबीआई जांच नहीं हुई तो आंदोलन जारी रखने की चेतावनी

बाबूलाल मरांडी ने प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को युवाओं के भविष्य और उनकी प्रतिभा से जुड़ा गंभीर मामला बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार सीबीआई जांच से बचने की कोशिश कर रही है। उनका कहना था कि सीबीआई जांच शुरू होने पर इसकी आंच मुख्यमंत्री कार्यालय तक पहुंच सकती है। उन्होंने सरकार पर युवाओं की प्रतिभा के साथ मजाक करने और नौकरी बेचने जैसे गंभीर आरोप भी लगाए। साथ ही कहा कि छात्रों के मुकदमे वापस लेने, दोषियों पर कार्रवाई और सीबीआई जांच शुरू होने तक भाजपा का चरणबद्ध आंदोलन जारी रहेगा।

मांगपत्र सौंपकर समाप्त किया प्रदर्शन

प्रदर्शन के बाद भाजपा नेताओं का प्रतिनिधिमंडल उपायुक्त कार्यालय पहुंचा और उपायुक्त के नाम मांगपत्र सौंपा। इसमें शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने, प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी की निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों पर कार्रवाई करने और पूरे मामले की सीबीआई जांच कराने की मांग की गई। प्रदर्शन में पूर्व सांसद सुनील सोरेन, अभयकांत प्रसाद समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता शामिल हुए।

प्रदर्शन में नहीं दिखे संथाल परगना के एकमात्र भाजपा विधायक

प्रदर्शन में संथाल परगना की 18 विधानसभा सीटों में से जरमुंडी से निर्वाचित भाजपा विधायक देवेंद्र कुंवर नजर नहीं आए। विधायक के नोनीहाट स्थित घर के पास डाक बंगला में उनके रसोइये का पंखे से लटका शव मिलने के मामले में मृतक के परिजनों ने हत्या और साक्ष्य छिपाने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है, जिसमें विधायक को भी आरोपी बनाया गया है। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद से विधायक के सार्वजनिक कार्यक्रमों में नजर नहीं आने की चर्चा है। वहीं, पुलिस की डायरी के अनुसार उनके फरार होने की बात कही गई है।


 
 
 

Comments


Post: Blog2 Post

Address

Shiv Sundari Road, Dumka, Jharkhand 814101

Contact

+917717793803

Follow

  • Facebook
  • YouTube
  • Twitter

©2021 by Santhal Pargana Khabar. All Rights Reserved

bottom of page