नशे में धुत युवक का सीएचसी में तांडव, गार्ड ने रोका तो डंडे से पीटा, कमरे में किया बंद
- SANTHAL PARGANA KHABAR
- Jan 31
- 2 min read

गोपीकांदर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में शनिवार रात उस वक्त अफरातफरी मच गई, जब नशे में धुत एक युवक ने अस्पताल परिसर में जमकर तोड़फोड़ की। अचानक हुई इस घटना से स्वास्थ्यकर्मी और मरीज दहशत में आ गए। युवक ने न केवल अस्पताल की संपत्ति को नुकसान पहुंचाया, बल्कि ड्यूटी पर तैनात नाइट गार्ड के साथ भी बेरहमी से मारपीट की। ड्यूटी पर तैनात नाइट गार्ड शिव सोरेन ने बताया कि करीब रात नौ बजे वह गार्ड रूम में कपड़े लेने गया था, तभी युवक ने बाहर से दरवाजा बंद कर दिया। शोर मचाने पर अन्य कर्मियों ने दरवाजा खुलवाया, लेकिन तब तक युवक अपना उत्पात शुरू कर चुका था। विरोध करने पर गार्ड को डंडे से पीटकर घायल कर दिया गया।

प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी के कार्यालय को बनाया निशाना
उग्र युवक ने प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी के कार्यालय कक्ष का दरवाजा तोड़ दिया और अंदर लगी बायोमेट्रिक मशीन को डंडे से मारकर पूरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के साथ-साथ अस्पताल की कार्यप्रणाली को भी बाधित किया गया।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई, आरोपी की पहचान
घटना की सूचना मिलते ही एसआई धरमल मांझी पुलिस बल के साथ सीएचसी पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान खेड़ीबाड़ी गांव निवासी संदीप मुर्मू के रूप में हुई है। उसकी मां ने बताया कि वह सेविका है और उसका बेटा काफी समय से मानसिक रूप से अस्वस्थ है तथा घर से बाहर भटकता रहता है।

स्वास्थ्य विभाग ने मांगी सख्त कार्रवाई
प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ सुमित आनंद ने बताया कि रात में कार्यरत स्वास्थ्यकर्मियों द्वारा थाना में लिखित सूचना दी गई है और इस पूरे मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की गई है। इस घटना ने एक बार फिर अस्पतालों की सुरक्षा व्यवस्था और नशाखोरी से जुड़े गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।





Comments