top of page

दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में सड़क मरम्मत व सुरक्षा उपायों को प्राथमिकता

2 days ago
2 min read

स्पीड ब्रेकर, साइनेज और रंबल स्ट्रिप लगाने का निर्देश

दुमका। उपायुक्त अभिजीत सिन्हा की अध्यक्षता में जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पूर्व बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की विस्तृत समीक्षा की गई। विभिन्न स्थानों पर रंबल स्ट्रिप, कन्वेक्स मिरर और आवश्यक संकेतक लगाने, स्कूल बसों को पीले रंग में पेंट करने तथा सड़कों के गड्ढों की मरम्मत से संबंधित कार्यों की प्रगति की जानकारी ली गई। उपायुक्त ने दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

ब्लैक स्पॉट और जर्जर सड़कों की होगी प्राथमिकता से मरम्मत

उपायुक्त ने पथ निर्माण विभाग के पदाधिकारी को दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में सड़क मरम्मत का कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का निर्देश दिया। आवश्यकता के अनुसार विभिन्न स्थानों पर स्पीड ब्रेकर, साइनेज और अन्य सड़क सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने को कहा। सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र में ऐसे स्थानों की सूची तैयार करने का निर्देश दिया गया, जहां सड़क पर गड्ढों के कारण दुर्घटना की आशंका रहती है या तत्काल मरम्मत की आवश्यकता है।

हिट एंड रन के लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन

बैठक में हिट एंड रन के मामलों की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को लंबित मामलों का समय पर निष्पादन सुनिश्चित करने तथा किसी भी मामले को अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रखने का निर्देश दिया। उन्होंने सड़क दुर्घटनाओं से जुड़े मामलों में आवश्यक कार्रवाई समयबद्ध तरीके से करने पर जोर दिया।

ड्रंक एंड ड्राइव पर होगी सख्त कार्रवाई

उपायुक्त ने जिले में लगातार ड्रंक एंड ड्राइव जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया। नशे की हालत में वाहन चलाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई करने तथा पकड़े जाने वाले वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस के निलंबन के लिए जिला परिवहन पदाधिकारी को आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। निर्धारित मानक से अधिक क्षमता वाले लाइट या बल्ब लगे वाहनों की भी नियमित जांच कर नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर कार्रवाई का निर्देश दिया गया।

स्कूल बसों में जीपीएस और सीसीटीवी अनिवार्य

उपायुक्त ने हेलमेट, सीट बेल्ट, ड्राइविंग लाइसेंस समेत अन्य यातायात नियमों के अनुपालन को लेकर नियमित जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया। उन्होंने जिले में संचालित सभी स्कूल बसों को निर्धारित मानकों के अनुरूप पीले रंग में रखने तथा प्रत्येक स्कूल बस में जीपीएस और सीसीटीवी सिस्टम अनिवार्य रूप से स्थापित कराने को कहा। इससे बच्चों की सुरक्षा और स्कूल बसों की निगरानी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

जाम की समस्या दूर करने को विभागों में समन्वय का निर्देश

उपायुक्त ने पथ निर्माण विभाग को अत्यधिक खराब और जर्जर सड़कों की प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत कराने का निर्देश दिया। नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी को शहर में जाम की समस्या के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। नगर परिषद, थाना प्रभारी और जिला परिवहन पदाधिकारी को आपसी समन्वय स्थापित कर यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने का निर्देश दिया गया। बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी, पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी मौजूद थे।


 
 
 

Comments


Post: Blog2 Post

Address

Shiv Sundari Road, Dumka, Jharkhand 814101

Contact

+917717793803

Follow

  • Facebook
  • YouTube
  • Twitter

©2021 by Santhal Pargana Khabar. All Rights Reserved

bottom of page