दुमका में हुए चार हादसों में तीन की मौत, तीन लोग हुए घायल
- SANTHAL PARGANA KHABAR
- Oct 21, 2025
- 3 min read

बाइक की टक्कर से राहगीर की मौत
बाइक सवार दोनों युवक भी घायल, चल रहा इलाज
दुमका। दुमका-पाकुड़ रोड में मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मकरो के पास मंगलवार की शाम बाइक की टक्कर से 36 साल के विनोद भंडारी की मौत हो गई है। वहीं इस दुर्घटना में बाइक सवार दोनों युवक घायल हो गए हैं। तीनों को इलाज के लिए दुमका के फूलो झानो मेडिकल कालेज अस्पताल लाया गया जहां डाक्टर ने विनोद भंडारी को मृत घोषित कर दिया। विनोद भंडारी मुफस्सिल थाना क्षेत्र के ढोढ़िया गांव का रहने वाला था और गुहियाजोरी में घर बनाकर रह रहा था। मंगलवार की शाम को वह मकरो हटिया से पैदल घर लौट रहा था। इसी क्रम में मकरो फुटबॉल मैदान के पास सामने से आ रहे बाइक सवार ने उसे ठोकर मार दी। ठोकर के बाद बाइक सवार दोनों युवक भी गिरकर घायल हो गए। पुलिस का कहना है कि बाइक को जब्त कर लिया गया है। घायल बजरंग राय काठीकुंड के पिपरा गांव का रहने वाला है, वहीं उसके साथी का नाम पता मालूम नहीं हो सका है।

पूजन समाग्री लेने जा रही महिला को वाहन ने कुचला
दुमका। जिला के जामा थाना क्षेत्र के बारापलासी के पास सोमवार की देर शाम दीपावली के लिए पूजा की सामग्री लेने जा रही 51 वर्षीय महिला को अज्ञात वाहन ने कुचल दिया। महिला को गंभीर हालत में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। जहां उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। महिला फूलमनी देवी बारापलासी की रहने वाली थी। मंगलवार को जामा थाना की पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम परिजनों को सौंप दिया। बारापलासी निवासी मृतक के बड़े बेटे फूलचंद्र राय ने बताया कि घर में दीपावली को लेकर तैयारी चल रही थी। पूजा का कुछ सामान लेने के लिए मां चौक की ओर चली गई और वह पटाखा लेने के लिए पालोजोरी गया था। रात करीब 10 बजे लौटा तो घर में मां को नहीं देखकर छोटे भाई से पूछा। भाई ने बताया कि मां जब से निकली है, तब से वापस नहीं आई है। खोजबीन के बाद भी कुछ पता नहीं चला। सुबह गांव के सुभाष राय ने फोन कर बताया कि मां का सड़क दुर्घटना हो गया है और सीधे जामा थाना आ जाओ। वहां जाकर देखा तो मां का शव रखा हुआ था। पुलिस ने बताया कि कोई अज्ञात वाहन ठोकर मारकर भाग गया है। हादसे में गंभीर रूप से घायल होने के बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। जहां प्राथमिक उपचार के दौरान महिला की मौत हो गई।

तीन दिन से लापता युवक का तालाब में मिला शव
दुमका। मुफस्सिल थाना की पुलिस ने मंगलवार को कोदो गुहियाजोड़ी गांव के तालाब से 35 साल के मिसिल हांसदा का शव बरामद किया है। युवक तीन दिन से लापता था। बुधवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। बताया जाता है कि दोपहर को गांव के कुछ लोग तालाब की ओर से गुजर रहे थे, तभी उन्हें बदबू आती महसूस हुई। उत्सुकतावश तालाब के पास जाकर देखा तो एक युवक का शव उपला रहा था। सूचना के बाद गांव वालों की भीड़ लग गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सत्यम कुमार और सहायक अवर निरीक्षक मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला। शव के बुरी तरह से सड़ जाने के कारण पहले कोई भी शिनाख्त नहीं कर सका। बाद में गांव का एक परिवार तालाब पर पहुंचा और कपड़ों से शव की पहचान की। थाना प्रभारी ने बताया कि शव दो से तीन दिन पुराना होने की वजह से काफी खराब हो चुका था। बड़ी मुश्किल से पहचान हो पाई है। घरवालों का कहना है कि मृतक की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। यूडी केस दर्ज किया गया है।

बाइक सवार अनियंत्रित होकर हुआ दुर्घटना का शिकार
रामगढ़। रामगढ़ से सारमी की ओर जा रहा एक बाइक सवार अनियंत्रित होकर दुर्घटना का शिकार हो गया। यह घटना मंगलवार को दोपहर 1ः30 बजे के आसपास की बताई जाती है। प्रत्यक्ष दर्शियों ने बताया कि बाइक चलाने के दौरान बाइक चालक का ध्यान भटक गया और अनियंत्रित होकर बाइक सड़क के किनारे उतर गयी। जब तक बाइक सवार बाइक पर नियंत्रण कर पाता तब तक दुर्घटना का शिकार हो चुका था। ग्रामीण ने बताया कि बाइक चालक बिना हेलमेट के तेज रफ्तार में था। यह घटना सारमी के दुखन मछली दुकान के सामने घटित हुई है। घायल बाइक चालक की पहचान भतुडिया बी पंचायत के फिटकोरिया गांव के मंत्री सोरेन के रुप मे हुई है। स्थानीय ग्रामीणों ने बाइक चालक के परिजनों को मोबाइल के माध्यम से घटना की सूचना दी। उसके बाद घायल बाइक चालक को परिजनों तथा स्थानीय ग्रामीणों की मदद से प्राथमिक उपचार हेतु सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामगढ़ पहुंचाया गया।





Comments