दुमका में श्राद्ध से लौटते वक्त मौत का तांडव, ऑटो पलटा
- SANTHAL PARGANA KHABAR
- 2 hours ago
- 1 min read

दुमका। सरैयाहाट थाना क्षेत्र अंतर्गत कोठिया–तालझारी मुख्य मार्ग पर मोतीहारा नदी पुल के समीप रविवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। अनियंत्रित ऑटो के पलट जाने से बहन के श्राद्ध कर्म से लौट रही 45 वर्षीय ढिबरी किस्कू की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया और गांव में मातम पसर गया।

ऑटो के नीचे दबकर महिला की मौत, नौ लोग गंभीर घायल
हादसे के समय ऑटो में सवार सभी लोग सरैयाहाट थाना क्षेत्र के डोंडिया गांव से श्राद्ध कर्म में शामिल होकर तालझारी थाना क्षेत्र के गरदा गांव लौट रहे थे। मोतीहारा पुल के पास अचानक ऑटो असंतुलित होकर पलट गया। इस दुर्घटना में ढिबरी किस्कू ऑटो के नीचे दब गईं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं सुहानी मुर्मू (18), गूंजा मरांडी (45), सोनेलाल मरांडी (40), मार्शल हांसदा (40), दीपक हेंब्रम (50), मुन्नी हांसदा (35), सुरही मुर्मू (40), सोनाली मुर्मू (40) और धोपा हेंब्रम (50) गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस ने घायलों को पहुंचाया अस्पताल, शव पोस्टमार्टम के बाद सौंपा
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरैयाहाट में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने जांच के बाद ढिबरी किस्कू को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव का पोस्टमार्टम कराया और परिजनों को सौंप दिया। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।









Comments