top of page

दुमका में माता निकली कुमाता: पांच वर्षीय बेटे की हत्या का राज खुला

हत्या के बाद शव कुएं में फेंकने का आरोप, पुलिस ने भेजा जेल

21 जून को कुएं से मिला था अमन का शव

दुमका। गोपीकांदर पुलिस ने पांच वर्षीय बालक अमन किस्कू की हत्या के मामले का खुलासा करते हुए उसकी मां डोली टुडू को गिरफ्तार कर शनिवार को जेल भेज दिया। पुलिस के अनुसार डोली ने बेटे की हत्या करने के बाद घटना को डूबने से हुई मौत का रूप देने के लिए शव को गांव से बाहर स्थित कुएं में फेंक दिया था। थाना प्रभारी सुमित कुमार भगत ने बताया कि 21 जून को गोपीकांदर थाना क्षेत्र के धोबरना गांव स्थित एक कुएं से अमन का शव बरामद किया गया था। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के दौरान मिले तथ्यों के आधार पर कई लोगों से पूछताछ की गई। इसी क्रम में मृतक की मां डोली टुडू से पूछताछ की गई, जिसमें पुलिस के अनुसार उसने बेटे की हत्या करने की बात स्वीकार की।

पति से विवाद के बाद बेटे की हत्या का आरोप

पुलिस के अनुसार डोली टुडू अपने पति निकोलस किस्कू के घर नहीं जाना चाहती थी और शादी के बाद से ही मायके धोबरना गांव में रह रही थी। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच फोन पर कहासुनी हुई थी। आरोप है कि बातचीत के दौरान डोली ने पति को बच्चे की हत्या करने की धमकी भी दी थी। इसके बाद उसी रात उसने कथित तौर पर अमन की हत्या कर शव को गांव के बाहर स्थित कुएं में फेंक दिया। अमन का जन्म और लालन-पालन धोबरना गांव में ही ननिहाल में हुआ था। निकोलस का ससुराल पाकुड़िया थाना क्षेत्र के तलवा गांव के समीप बताया गया है।

रविवार को होने वाली थी पति-पत्नी के बीच सुलह

ग्रामीणों के अनुसार घटना के बाद रविवार को धोबरना गांव में ही डोली और निकोलस के बीच बातचीत कर विवाद सुलझाने की तैयारी थी। ग्रामीण दोनों पति-पत्नी के बीच समझौता कराने वाले थे। शव बरामद होने के समय डोली ने पुलिस और ग्रामीणों को बताया था कि वह शनिवार रात रोज की तरह अमन के साथ सोई थी और रात में बच्चा कब घर से बाहर चला गया, इसकी उसे जानकारी नहीं हुई। सुबह नींद खुलने पर उसने बच्चे की खोजबीन की, लेकिन उसका पता नहीं चला। बाद में ग्रामीणों ने गांव के बाहर स्थित कुएं में अमन का शव तैरने की सूचना दी। हालांकि पुलिस की जांच और पूछताछ के बाद मामले में हत्या का खुलासा हुआ।


 
 
 

Comments


Post: Blog2 Post

Address

Shiv Sundari Road, Dumka, Jharkhand 814101

Contact

+917717793803

Follow

  • Facebook
  • YouTube
  • Twitter

©2021 by Santhal Pargana Khabar. All Rights Reserved

bottom of page