दुमका में छात्रों को पुलिस ने सीएम का पूतला जलाने से रोका, एबीवीपी कार्यालय में किया डिटेन
- SANTHAL PARGANA KHABAR
- 1 day ago
- 2 min read

युवाओं की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है सरकार : आदित्य जोशी
पुतला दहन से पहले एबीवीपी कार्यकर्ताओं को हाउस अरेस्ट करने का आरोप
दुमका। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद दुमका द्वारा तीन बाजार चौक पर राज्य सरकार के विरोध में पुतला दहन कार्यक्रम आयोजित किया जाना था, लेकिन कार्यक्रम से पूर्व ही प्रशासन ने एबीवीपी कार्यालय में मौजूद कार्यकर्ताओं को हाउस अरेस्ट कर दिया। एबीवीपी का आरोप है कि कार्यालय के बाहर बड़ी संख्या में पुलिस बल और वाहनों की तैनाती कर कार्यकर्ताओं को बाहर निकलने से रोका गया। नगर सह मंत्री आदित्य जोशी ने कहा कि शांतिपूर्ण तरीके से पुतला दहन किया जाना था, लेकिन कार्यकर्ताओं को हाउस अरेस्ट कर युवाओं की आवाज दबाने और उनके मनोबल को तोड़ने का प्रयास किया गया।

लाठीचार्ज की निष्पक्ष जांच की मांगआदित्य जोशी ने कहा कि रोजगार और प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता की मांग कर रहे युवाओं पर लाठीचार्ज किया जाना अत्यंत निंदनीय है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार रोजगार के मुद्दे से भाग रही है और जेपीएससी सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं से प्रदेश के युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार स्वयं को आदिवासी हितों की सरकार बताती है, लेकिन आदिवासी और झारखंड के युवाओं की आवाज उठाने पर उन पर लाठीचार्ज किया जाता है, जो दुर्भाग्यपूर्ण है। गिरिडीह, रांची और गढ़वा में हुई घटनाओं के साथ ही प्रदर्शन के दौरान छात्राओं के साथ कथित दुर्व्यवहार के मामले की भी निष्पक्ष जांच की मांग की गई।

शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन जारी रखने की घोषणाएबीवीपी ने कहा कि वह युवाओं के अधिकार, रोजगार, पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था और बेहतर शिक्षा व्यवस्था के लिए लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से अपनी आवाज उठाती रहेगी। पुतला दहन कार्यक्रम के दौरान हाउस अरेस्ट किए गए कार्यकर्ताओं में विभाग संगठन मंत्री हिमांशु दुबे, विभाग संयोजक अभिषेक गुप्ता, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य अमन शाह, रिशु मुर्मू, नगर सह मंत्री आदित्य जोशी सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।





Comments