दुमका में पॉलिथीन पर सख्ती, अभियान में 5 किलो जब्त; अतिक्रमण हटाने में दिखी ढिलाई
- SANTHAL PARGANA KHABAR
- 2 days ago
- 2 min read

नगर परिषद ने शुरू किया सघन अभियान
दुमका। नगर परिषद द्वारा 2 अप्रैल से पॉलिथीन के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध लागू करते हुए सख्ती शुरू कर दी गई है। अध्यक्ष अभिषेक चौरसिया के निर्देश पर सहायक अभियंता फैजल अमन के नेतृत्व में वीर कुंवर सिंह चौक से नीचे बाजार और टीन बाजार तक छापेमारी कर करीब 5 किलो पॉलिथीन जब्त किया गया। सिटी मैनेजर सुमित प्रशांत सोरेन ने दुकानदारों को चेतावनी दी कि प्रतिबंधित पॉलिथीन का उपयोग बंद करें, अन्यथा जुर्माना लगाया जाएगा।

सिंगल यूज प्लास्टिक पर पूर्ण प्रतिबंध लागू
नगर परिषद ने स्पष्ट किया है कि प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2021 के तहत सिंगल यूज प्लास्टिक के निर्माण, बिक्री और उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध है। इसमें प्लास्टिक प्लेट, कप, चम्मच, स्ट्रॉ, थर्माकोल सामग्री, पतले कैरी बैग सहित कई उत्पाद शामिल हैं। उल्लंघन पर 500 से 25000 रुपये तक जुर्माना, दुकान सील और लाइसेंस रद्द करने की कार्रवाई की जा सकती है।

खुदरा दुकानदारों पर कार्रवाई, थोक विक्रेता बचे
अभियान के दौरान कार्रवाई मुख्यतः खुदरा दुकानदारों तक सीमित रही, जबकि थोक विक्रेताओं को केवल चेतावनी देकर छोड़ दिया गया। इससे कार्रवाई की निष्पक्षता पर सवाल उठ रहे हैं और स्थानीय स्तर पर असंतोष भी देखा जा रहा है।

अतिक्रमण हटाने में पहले दिन ही दिखी नरमी
पॉलिथीन के साथ-साथ अतिक्रमण हटाने का अभियान भी चलाया गया, लेकिन पहले ही दिन इसका असर कमजोर दिखा। नगर परिषद गेट के पास ही अतिक्रमण यथावत मिला, जहां केवल चेतावनी देकर कार्रवाई टाल दी गई।

स्थायी समाधान बड़ी चुनौती
स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसे अभियान अक्सर अस्थायी प्रभाव छोड़ते हैं और सख्ती के अभाव में स्थिति फिर सामान्य हो जाती है। नगर परिषद के लिए इस बार अभियान को प्रभावी और स्थायी बनाना बड़ी चुनौती माना जा रहा है।





Comments