top of page

दुमका में दहेज में ट्रैक्टर नहीं मिलने पर दामाद ने ससुर को पीट पीटकर मार डाला

ससुर की बेरहमी से लाठी डंडे, पत्थर से पिटाई कर गंभीर रूप से कर दिया था घायल

दुमका। सरैयाहाट थाना क्षेत्र के गोविंदपुर गांव के कदिया टोला में दहेज में ट्रैक्टर नहीं मिलने पर दामाद ने ससुर को पीट पीटकर मार डाला। घटना सरैयाहाट उस वक्त घटी जब गोविंदपुर गांव निवासी रविन्द्र कापड़ी अपनी बेटी से मिलने उसी गांव स्थित अपनी बेटी दामाद के घर गया था। इसी दौरान विवाद होने पर दामाद सुधीर यादव(23) ने ससुर की बेरहमी से लाठी डंडे, पत्थर से पिटाई कर दी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने एंबुलेंस से घायल ससुर को समुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरैयाहाट पहुंचाया जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए देवघर रेफर कर दिया गया। देवघर सदर अस्पताल में ईलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

बीमार बेटी से मिलने गया था रविंद्र

घटना के विषय में मिली जानकारी के अनुसार रविंद्र के पास अपना खुद का तीन ट्रैक्टर है। सुधीर अपने ससुर से एक ट्रैक्टर की मांग कर रहा था, जबकि रविन्द्र दामाद को ट्रैक्टर देने से मना कर दिया था। इस बात को लेकर अक्सर उनलोगों का विवाद होता रहता था। एक दिन पूर्व रविन्द्र को पता चला कि उसकी बेटी को एपेंडिक्स हो गया है। इसकी जानकारी पर वह अपनी बेटी से मिलने गया था, बेटी से मिलने के बाद रविन्द्र अपनी बेटी को बेहतर ईलाज के लिए घर ले जाना चाहता था। लेकिन दामाद ने ज़िद पकड़ लिया कि अगर ट्रैक्टर नहीं मिला तो वो अपनी पत्नी को ले जाने नहीं देगा। इसी विवाद में उसने अपने ससुर पर जान लेवा हमला कर दिया।

एक वर्ष पूर्व मृतक की बेटी से किया था प्रेम विवाह

सरैयाहाट। हत्यारे दामाद ने एक वर्ष पूर्व ही गांव के ही सोनम से प्रेम विवाह किया था। सोनम अपने माता पिता की इकलौती बेटी हैं। गांव में दोनों का घर एक ही मौहल्ले में है। प्रेम विवाह के बाद सुधीर अपने ससुर की संपत्ति पर नजर बनाए बैठा था, वह अक्सर ससुर से ट्रैक्टर, जमीन की मांग करते रहता था। जबकि दामाद की गरीबी का ताना देते हुए रविन्द्र अपने दामाद को घर जमाई बनने पर ही उसे कुछ देने की बात कह रहा था।

पुलिस ने आरोपी दामाद को हिरासत में लिया

सरैयाहाट थाना प्रभारी राजेंद्र यादव ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस ने घायल अवस्था मे मृतक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां से चिकित्सकों ने उसे रेफर कर दिया। मृतक की पत्नी ने देवघर पुलिस को फर्द बयान दिया है। उसी के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। आरोपी दामाद को हिरासत में ले लिया गया है।


 
 
 

Comments


Post: Blog2 Post

Address

Shiv Sundari Road, Dumka, Jharkhand 814101

Contact

+917717793803

Follow

  • Facebook
  • YouTube
  • Twitter

©2021 by Santhal Pargana Khabar. All Rights Reserved

bottom of page