दुमका में 18 वर्षीय युवक की गला रेतकर हत्या, तालाब के पास झाड़ी में मिला शव

हत्या में प्रयुक्त हंसुआ बरामद, पिता के बयान पर अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
दुमका मुफस्सिल थाना क्षेत्र के कालीपाथर गांव में 18 वर्षीय विनोद मरांडी की गला रेतकर हत्या कर दी गई। रविवार दोपहर उसका शव तालाब से कुछ दूरी पर झाड़ी में मिला। जानकारी के अनुसार, शनिवार रात करीब 9 बजे विनोद बिना किसी को बताए घर से निकला था। उसके पिता जेशु मरांडी ने उसे जाते हुए देखा था। रात करीब 10 बजे तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने पड़ोसियों की मदद से उसकी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। रविवार सुबह भी ग्रामीणों ने खोजबीन जारी रखी, इसी दौरान दोपहर में तालाब की ओर जा रहे ग्रामीणों की नजर झाड़ी में पड़े शव पर पड़ी।

घटनास्थल से हंसुआ बरामद
शव मिलने की सूचना पर मुफस्सिल थाना प्रभारी जगन्नाथ धान पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने शव के पास से हत्या में प्रयुक्त हंसुआ बरामद किया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। मृतक के पिता जेशु मरांडी के बयान पर अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई है। थाना प्रभारी ने बताया कि युवक की गला रेतकर हत्या की गई है और मामले की जांच की जा रही है।

परिजनों को किसी से दुश्मनी की जानकारी नहीं
विनोद अपने परिवार का इकलौता बेटा था। उसकी 2 बहनें हैं और वह खेतीबाड़ी में पिता का हाथ बंटाता था। पिता के अनुसार, विनोद की किसी से दुश्मनी नहीं थी। वह रात में अचानक घर से क्यों निकला और उसकी हत्या किसने की, यह परिजनों के लिए भी पहेली बनी हुई है। पुलिस के अनुसार, परिजन फिलहाल किसी संदिग्ध के बारे में जानकारी नहीं दे पाए हैं। अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर पुलिस हत्या के कारणों और आरोपियों का पता लगाने में जुटी है।





Comments