दुमका जिले के रामगढ़ प्रखंड को मिला कॉपर मेडल, जरमुंडी को ब्रॉन्ज अवार्ड
- SANTHAL PARGANA KHABAR
- Oct 15, 2025
- 2 min read

दुमका। समाहरणालय सभागार में बुधवार को सम्पूर्णता अभियान सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने की। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त दुमका, विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी, रामगढ़ एवं जरमुंडी प्रखंड के प्रखंड विकास पदाधिकारी, अनेक अधिकारी, कर्मचारी, मुखिया, कृषक मित्र एवं आंगनवाड़ी सेविकाएँ उपस्थित थीं।

अधिकारियों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, कृषक मित्रों एवं जनप्रतिनिधियों को भी किया सम्मानित
सम्पूर्णता अभियान नीति आयोग की एक प्रमुख पहल है, जिसका उद्देश्य आकांक्षी जिला एवं आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रमों के तहत चयनित विकास संकेतकों को शत-प्रतिशत संतृप्त करना है, ताकि समग्र विकास के लक्ष्य को प्राप्त किया जा सके। दुमका जिले में आकांक्षी जिला कार्यक्रम के तहत चयनित 6 संकेतकों में से 4 संकेतक सम्पूर्णता अभियान के दौरान शत-प्रतिशत संतृप्त किए गए। इसी प्रकार रामगढ़ प्रखंड में 6 में से 4 संकेतक एवं जरमुंडी प्रखंड में 3 संकेतक पूर्ण रूप से संतृप्त किए गए, जो जिले के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इस उल्लेखनीय प्रदर्शन के लिए रामगढ़ प्रखंड को कॉपर मेडल तथा जरमुंडी प्रखंड को ब्रॉन्ज अवार्ड से सम्मानित किया गया। दोंनों प्रखंडों के प्रखंड विकास पदाधिकारियों ने यह पुरस्कार उपायुक्त से प्राप्त किया। समारोह के दौरान विभिन्न प्रखंडों के अधिकारियों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, कृषक मित्रों एवं जनप्रतिनिधियों को भी उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।

यह उपलब्धि जिले के सामूहिक प्रयास का परिणाम: उपायुक्त
इस अवसर पर उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने सभी को बधाई देते हुए कहा कि, “यह उपलब्धि जिले के सामूहिक प्रयास का परिणाम है। सम्पूर्णता अभियान के माध्यम से हम विकास की नई ऊँचाइयों को छू सकते हैं। आने वाले दिनों में सभी विभागों के समन्वित प्रयास से हम शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने में सफल होंगे।” उपायुक्त ने उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मियों से नीति आयोग के मानकों के अनुरूप कार्य करते हुए आकांक्षी प्रखंडों में विकास की गति को और तेज करने का आह्वान किया। कार्यक्रम का समापन जिला प्रशासन द्वारा उत्कृष्ट योगदान देने वाले कर्मियों को सम्मानित कर किया गया।





Comments