दहेज हत्या का आरोप, शव रखकर दो घंटे से अधिक हाईवे जाम
- SANTHAL PARGANA KHABAR
- 1 hour ago
- 2 min read

थाना का घेराव कर परिजनों ने आरोपियों को सौंपने की मांग की
संदिग्ध मौत के बाद थाना घेराव और हाईवे जाम
सरैयाहाट/निज संवाददाता। सरैयाहाट थाना क्षेत्र के सरैया बस्ती में विवाहिता चांदनी बीबी की संदिग्ध मौत का मामला गुरुवार को तूल पकड़ लिया। मृतका के मायके वालों ने पति सहित ससुराल पक्ष के छह लोगों पर दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए सरैयाहाट थाना का घेराव किया। आक्रोशित परिजनों ने मृतका का शव थाना गेट के सामने नेशनल हाईवे पर रखकर जाम कर दिया, जिससे दो घंटे से अधिक समय तक आवागमन बाधित रहा। अधिकारियों के समझाने और नियमानुसार कार्रवाई के आश्वासन के बाद जाम हटाया गया।

दो लाख रुपये और मोटरसाइकिल की मांग का आरोप
मृतका की मां मुनकी बीबी, ग्राम हरेलवा, पोस्ट बघवा, थाना बंधुवाकूड़ा, बिहार ने पुलिस को दिए लिखित आवेदन में दामाद सनोवार अंसारी उर्फ सोनू, समधी, समधन तथा दामाद के भाई और बहन पर बेटी की हत्या का आरोप लगाया है। आवेदन के अनुसार चांदनी बीबी की शादी वर्ष 2023 में सनोवार अंसारी के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही कथित तौर पर दो लाख रुपये और मोटरसाइकिल की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित किया जा रहा था। बुधवार को मायके पक्ष को चांदनी की मौत की सूचना मिली, जिसके बाद परिजन सरैया बस्ती पहुंचे और पुलिस को मामले की जानकारी दी।

प्राइवेट चालक पति गिरफ्तार, भेजा गया जेल
पुलिस ने मृतका की मां के लिखित आवेदन के आधार पर पति सनोवार अंसारी उर्फ सोनू सहित अन्य के खिलाफ सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। सनोवार उर्फ सोनू सरैयाहाट थाना में प्राइवेट चालक के रूप में कार्यरत बताया जाता है। प्राथमिकी दर्ज करने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। पुलिस अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

भीड़ आरोपी को हवाले करने की मांग पर अड़ी रही
थाना परिसर में जुटे मायके पक्ष के लोग आरोपी को उनके हवाले करने की मांग कर रहे थे और उसे अपने कब्जे में लेने पर अड़े हुए थे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी को थाना हाजत में सुरक्षित रखा। इसके बाद उसे भीड़ से सुरक्षित निकालकर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। जाम की सूचना पर सीओ राहुल शानू, सर्किल इंस्पेक्टर प्रियंका आनंद और थाना प्रभारी अनुज कुमार मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाकर स्थिति को नियंत्रित किया।

दो साल का बेटा माता-पिता दोनों के साये से दूर
चांदनी बीबी की संदिग्ध मौत और पति सनोवार अंसारी के जेल जाने के बाद दंपती का दो वर्षीय बेटा माता-पिता दोनों के साये से दूर हो गया है। करीब दो वर्ष पहले जन्मे बच्चे के सामने अब गंभीर पारिवारिक संकट खड़ा हो गया है। सर्किल इंस्पेक्टर प्रियंका आनंद ने कहा कि मृतका की मां के लिखित आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है और शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अनुसंधान पूरा होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मामला हत्या का है या आत्महत्या का।





Comments