तेज रफ्तार ट्रक ने ली मछुआरे की जान, मौके पर दर्दनाक मौत
- SANTHAL PARGANA KHABAR
- Jan 21
- 1 min read

दुमका–सिउड़ी मुख्य पथ पर मसानजोड़ पुराना थाना के समीप ढलान पर मंगलवार को एक धान से लदे ट्रक की चपेट में आने से मछुआरे की दर्दनाक मौत हो गई। प्रतिदिन की तरह मसानजोड़ डैम के जलाशय में मछली पकड़ने जा रहे 52 वर्षीय विवेक बाकती को तेज रफ्तार और लापरवाही से आ रहे ट्रक ने कुचल दिया, जिससे घटनास्थल पर ही तड़प-तड़प कर उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई।

पुलिस की बाइक भी चपेट में, चालक मौके से फरार
हादसे के दौरान मसानजोड़ थाना में पदस्थापित एएसआई किशोर कुमार रजक की सरकारी बुलेट बाइक भी ट्रक की चपेट में आ गई, जिससे बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घटना की सूचना मिलते ही मसानजोड़ थाना प्रभारी अवधेश कुमार मौके पर पहुंचे और ट्रक को जब्त कर लिया, हालांकि ट्रक चालक मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया।

मृतक की पहचान, चालक पर लापरवाही का मामला दर्ज
मृतक की पहचान मसानजोड़ थाना क्षेत्र के रानीबहाल गांव निवासी विवेक बाकती के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया। मृतक के पुत्र सूर्या बाकती ने ट्रक संख्या डब्ल्यूबी/15 सी 7136 के चालक के खिलाफ लापरवाही एवं तेज गति से वाहन चलाने का मामला मसानजोड़ थाना में दर्ज कराया है। पुलिस फरार चालक की तलाश में जुट गई है।





Comments